एक टेलीविजन अभिनेत्री को अपने एक परिचित शेयर बाजार कारोबारी से मारपीट करने और लघु फिल्म के लिए धन जुटाने के बहाने उससे 5.5 लाख रुपये ऐंठने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
चेन्नई: एक टेलीविजन अभिनेत्री को अपने एक परिचित शेयर बाजार कारोबारी से मारपीट करने और लघु फिल्म के लिए धन जुटाने के बहाने उससे 5.5 लाख रुपये ऐंठने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। अभिनेत्री वर्षिणी वेंकट ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर तरुण को उनकी बनाई जा रही लघु फिल्म में धन लगाने के लिए पेशकश की थी लेकिन उसने इससे इनकार कर दिया।
लॉज लौटते समय मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को तड़के जब तरुण बाहर से अपनी लॉज लौटे तो वहां मौजूद वेंकट ने अपने दोस्त संजय और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उनसे मारपीट की और उनसे 50,000 रुपये छीन लिये। बाद में संजय की ओर से धमकी भरे फोन आने पर तरुण ने वेंकट के बैंक खाते में तीन लाख रुपये और संजय के बैंक खाते में दो लाख रुपये अंतरित कर दिए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
तरुण की शिकायत के आधार पर गिंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मंगलवार को मायलापुर निवासी आरोपी वर्षिणी वेंकट (28) को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक आईफोन बरामद किया।
अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा
पूछताछ के बाद अभिनेत्री को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में शामिल अभिनेत्री के अन्य दोस्तों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें: मैहर में शराब के नशे में पारिवारिक दोस्तों के बीच विवाद, युवक के सिर पर फोड़ी बीयर की बोतल