ट्विशा शर्मा मौत मामले में AIIMS मेडिकल बोर्ड ने आत्महत्या की पुष्टि की। रिपोर्ट में हमले के निशान नहीं मिले, वहीं CBI ने पति और सास के खिलाफ 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की।
नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के पांच सदस्यों वाले मेडिकल बोर्ड ने सीबीआई (CBI) को सौंपी अपनी आखिरी फोरेंसिक रिपोर्ट में कहा है कि ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या से हुई थी। शर्मा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में मृत पाई गई थीं। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश पर बनाए गए इस पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने 10 जुलाई को एक सीलबंद लिफाफे में अपनी 11 पन्नों की मेडिकल रिपोर्ट सीबीआई को सौंपी।
शारीरिक हमले का कोई निशान नहीं
बोर्ड ने कहा कि शर्मा के शरीर पर ऐसी कोई चोट नहीं मिली जो शारीरिक हमले या हाथापाई का संकेत देती हो। AIIMS बोर्ड का गठन मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के 22 मई के उस आदेश के बाद किया गया था जिसमें रिट याचिका संख्या 19119/2026 के तहत एम्स, नई दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया गया था। बोर्ड ने 24 मई को पोस्टमार्टम किया और अपनी फोरेंसिक जांच के हिस्से के तौर पर घटनास्थल का दौरा भी किया।
जिम्नास्टिक्स बेल्ट और विवादों पर सफाई
एम्स में फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ सुधीर गुप्ता ने कहा कि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले बोर्ड ने सभी संभावित पहलुओं से मामले की विस्तार से जांच की। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकाला गया कि यह आत्महत्या का मामला था और मृतका के शरीर पर शारीरिक हमले का कोई निशान नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि बोर्ड ने फांसी के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल की गई सामग्री (लिगेचर मटीरियल) से जुड़े विवाद को भी सुलझा लिया है, जिसमें मेटल रिंग वाली जिम्नास्टिक्स बेल्ट भी शामिल है, जो जांच के दौरान एक मुद्दा बन गई थी।
वैज्ञानिक विश्लेषण के बाद स्पष्ट राय
डॉ. गुप्ता ने कहा, "मेडिकल बोर्ड ने मामले की हर पहलू का बहुत बारीकी से जांच की, लगभग एक महीने तक सभी उपलब्ध राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स पर विचार किया और वैज्ञानिक आधार के साथ विस्तृत राय दी है। सच और न्याय के हित में CBI और न्यायपालिका के लिए यह बिल्कुल साफ राय है कि यह आत्महत्या का मामला है और मृतका के शरीर पर शारीरिक हमले का कोई निशान नहीं है।"
पति और सास के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
गौरतलब है कि शर्मा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में मृत पाई गई थीं। जहां उनके ससुराल वालों का दावा था कि उन्होंने आत्महत्या की है, वहीं उनके मायके वालों ने आरोप लगाया था कि उनकी हत्या की गई है। इससे पहले आज सुबह, CBI ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में CBI कोर्ट में 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत आरोपी बनाया गया है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: चंबल के तेज बहाव में बहा स्टीमर, 150 से ज्यादा यात्रियों की अटकी सांसें