प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सड़क हादसे में मासूम की मौत

साइकिल चला रहे मासूम की पिकअप से कुचलकर मौत

उन्हेल थाना क्षेत्र के बामन देवरिया गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई।

साइकिल चला रहे मासूम की पिकअप से कुचलकर मौत

Two-and-a-Half-Year-Old Child Dies After Being Run Over by Pickup in Road Accident |

झालावाड़,(राजस्थान)। जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के गांव बामन देवरिया में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ढाई वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर के बाहर साइकिल चला रहा मासूम दूध से भरे पिकअप वाहन को पीछे लेते समय उसके टायर के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल

जानकारी के अनुसार, गांव बामन देवरिया निवासी धीरप सिंह का ढाई वर्षीय पुत्र घर के बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान गांव से दूध लेकर चौमहला की ओर जा रहा पिकअप वाहन मोड़ पर पीछे लिया जा रहा था। वाहन चालक को मासूम दिखाई नहीं दिया और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

उन्हेल थाना प्रभारी रामकरण ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया, कि मृतक मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

गांव में छाया मातम

मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए वाहन चालकों से रिहायशी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। 

यह भी पढ़ेंः रक्सौल से लोहियरिया जा रही थी 'करोड़ों की खेप', चेईलाभार में पुलिस ने ऐसे बिगाड़ा तस्करों का खेल

Related to this topic: