सहारनपुर के देवबंद में बिजली केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त डीसीएम वाहन भी बरामद किया गया।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर की देवबंद पुलिस ने बिजली के केबल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए 535 किलो बिजली के प्लास्टिक पाइप, 84 किलो एल्यूमिनियम तार तथा वारदात में प्रयुक्त एक डीसीएम वाहन बरामद किया गया है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को रंजीत नगर निवासी प्रशांत राघव ने थाना देवबंद में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर 3×300 XLPE केबल का एक ड्रम चोरी कर ले गए। हैंशिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए साखन नहर हाईवे के पास नहर पटरी से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागपत निवासी नफीस पुत्र सद्दीक और गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र निवासी जैयद पुत्र निजुद्दीन के रूप में हुई है। पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई डीसीएम (UP15 FT 9574) को भी कब्जे में लेकर 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी गई है। दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक लोकेश सिंह, हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह, कांस्टेबल योगेंद्र सिंह, आरक्षी अतुल कुमार और मनीष कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: बलिया में दुकान से लाखों की चोरी का खुलासा, कारीगर समेत दो आरोपी गिरफ्तार