बांका के लीलावरण गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बांका (बिहार)। बाराहाट थाना अंतर्गत भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर लीलावरण गांव के समीप बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों के साथ हुआ। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दो की हुई मौत
हादसे में बौंसी मेला ग्राउंड निवासी मोहम्मद छोटू और दलिया गांव, बौंसी निवासी राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दलिया गांव निवासी आकाश कुमार (19), पिता नन्हे साह तथा आदित्य कुमार, पिता पिंटू गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर मलबा और दुर्घटना के अवशेष बिखर जाने के कारण भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बाराहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही बाराहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश जारी
हादसे के बाद पुलिस ने काफी मशक्कत कर सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया। बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः आजमगढ़ में दो मुठभेड़ों में अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार