मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-हापुड़ हाईवे पर बने फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां खड़े अशोक लेलैंड पिकअप वाहन में पीछे से एक अल्ट्रा मैजिक वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
गाजियाबाद: मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-हापुड़ हाईवे पर बने फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां खड़े अशोक लेलैंड पिकअप वाहन में पीछे से एक अल्ट्रा मैजिक वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन के केबिन में दो लोग बुरी तरह फंस गए, जिन्हें फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।
खड़े पिकअप में पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बिजनौर से दिल्ली की ओर जा रहा एक अशोक लेलैंड पिकअप वाहन दिल्ली-हापुड़ फ्लाईओवर पर खड़ा था। इसी दौरान शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जा रहे एक अल्ट्रा मैजिक वाहन ने पिकअप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अल्ट्रा मैजिक वाहन का अगला हिस्सा अंदर की ओर धंस गया, जिससे केबिन में सवार दो लोग अंदर ही फंस गए।
हाइड्रोलिक कटर से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम हाइड्रोलिक कटर और स्प्रेडर उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि वाहन का अगला हिस्सा अंदर धंसने के कारण दोनों व्यक्ति केबिन के क्षतिग्रस्त हिस्सों में बुरी तरह फंसे हुए थे और दर्द से कराह रहे थे। फायर सर्विस यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से वाहन के क्षतिग्रस्त लोहे के हिस्सों को काटकर और फैलाकर दोनों लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
सुनील कुमार और जोगेंद्र सिंह को सुरक्षित निकाला
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत और सावधानी के साथ केबिन में फंसे दोनों लोगों, सुनील कुमार और जोगेंद्र सिंह, को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को मौके पर मौजूद एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: गुजरात पुलिस में पूर्व अग्निवीरों को बिना लिखित परीक्षा मिलेगी भर्ती, 20% आरक्षण रहेगा जारी