प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

म़तकों के परिवार में मचा कोहराम

चंदौली में एक ही रात दो सड़क हादसे, वाहनों की चपेट में आने से दो की मौत

लगातार हुए दो हादसों से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि गांवों में मातम का माहौल है।

चंदौली में एक ही रात दो सड़क हादसे वाहनों की चपेट में आने से दो की मौत

असप्ताल में शव के साथ परिजन |

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। अलीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसा पचफेड़वा के समीप हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। वहीं दूसरा हादसा रेमा मोड़ के पास हुआ, जहां अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। लगातार हुए दो हादसों से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि गांवों में मातम का माहौल है।

अज्ञात वाहन की चपेट से एक की मौत

जानकारी के अनुसार, पचफेड़वा के समीप शुक्रवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार चंद्रशेखर, निवासी विशुनपुरा गांव, थाना सकलडीहा क्षेत्र, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चंद्रशेखर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान चंद्रशेखर की मौत हो गई।

ट्रक से बाइक सवार की मौत

वहीं दूसरी घटना रेमा मोड़ के समीप हुई। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार विजेंद्र यादव (30) को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में विजेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। विजेंद्र यादव धमीना गांव के निवासी बताए गए हैं। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसों के कारणों और दुर्घटना में शामिल वाहनों की जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। एक ही रात में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों गांवों में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।

इसे भी पढ़ेंः   पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कार्रवाई पर अमेरिका ने जताई चिंता, संयम बरतने की अपील

Related to this topic: