उज्जैन। जिले में नानाखेड़ा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है...
उज्जैन। जिले में नानाखेड़ा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने निनोरा टोल के पास घेराबंदी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध बीयर जब्त की है, जिसकी कुल कीमत ट्रक सहित लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। ट्रक से बीयर की 900 पेटियाँ बरामद की गईं, जिनमें कुल 21,600 केन (लगभग 10,800 बल्क लीटर) थीं। जब्त की गई बीयर की अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये है।
पुलिस ने जब्त किया ट्रक
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक (नंबर: GJ17-UU-9877) को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उसमें रवि चौहान (22) ट्रक चालक, गमरा गुजरिया (26) चालक का साथी शामिल हैं। ये दोनों आरोपी अलीराजपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
ऐसे हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नानाखेड़ा पुलिस ने निनोरा टोल के पास नाकाबंदी की। जब संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें गुप्त रूप से रखी गईं बीयर की पेटियाँ मिलीं।
पुलिस ने दोनों आरोपी को लिया हिरासत में
पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपियों ने अवैध परिवहन की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब कहाँ से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। अवैध शराब के खिलाफ उज्जैन पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है ताकि शहर में नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/up-political-shake-up-sbsp-split-leaders-join-vip/182360