प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी–2026 में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपी मेट्रो) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार “श्री राज्यपाल चल बैजयन्ती” प्रदान किया गया।
फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी–2026 में यूपी मेट्रो को प्रथम पुरस्कार
6 गमलों के कलात्मक समूह के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु यूपी मेट्रो को मिला सम्मान
मेट्रो सोवेनियर एवं टॉय ट्रेन रहे दर्शकों के आकर्षण का केंद्र
लकनऊ। जन भवन प्रांगण, आयोजित प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी–2026 में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपी मेट्रो) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार “श्री राज्यपाल चल बैजयन्ती” प्रदान किया गया। प्रदर्शनी छह फरवरी से शुरू हुई थी और आठ फरवरी को समाप्त हुई।
यूपी मेट्रो को यह पुरस्कार “2 भाग – 6 गमलों के कलात्मक समूह (केवल संस्थाओं द्वारा अनुरक्षित उद्यानों के लिए)” श्रेणी में प्रदान किया गया, जिसमें संस्थान द्वारा प्रस्तुत आकर्षक, रचनात्मक एवं सुव्यवस्थित पुष्प सज्जा को निर्णायक मंडल एवं प्रदर्शनी समिति द्वारा सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया।
प्रदर्शनी के समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रदर्शनी समिति द्वारा प्रदान किया गया यह पुरस्कार यूपीएमआरसी की ओर से निदेशक (परिचालन) श्री प्रशांत मिश्रा ने ग्रहण किया। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यूपी मेट्रो ने 06, 07 एवं 08 फरवरी 2026 को आयोजित प्रदर्शनी में संस्थान का स्टॉल लगाकर सहभागिता की थी। यूपी मेट्रो को पूर्व के वर्षों में भी इस प्रदर्शनी में अपनी उत्कृष्ट सहभागिता एवं रचनात्मक हॉर्टीकल्चर डिज़ाइन के लिए निरंतर सराहना मिलती रही है।
इससे पूर्व 06 फरवरी 2026 को माननीया राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने यूपीएमआरसी के स्टॉल का अवलोकन किया था तथा मेट्रो परियोजनाओं, हरित पहलों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की थी। पुष्पों से निर्मित भगवान गरुड़ की भव्य आकृति, यूपीएमआरसी लोगो एवं अन्य पुष्प आकृतियों की रचनात्मक प्रस्तुति की उन्होंने विशेष रूप से सराहना की थी।
मेट्रो सोवेनियर एवं टॉय ट्रेन रहे दर्शकों के आकर्षण का केंद्र
इस बार यूपीएमआरसी के स्टॉल पर लखनऊ मेट्रो परियोजना की विशेषताओं के साथ-साथ ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर, तथा कानपुर एवं आगरा मेट्रो परियोजनाओं में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की गई। स्टॉल पर उपलब्ध मेट्रो सोवेनियर आइटम्स, टॉय ट्रेन एवं अन्य सामग्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि प्रादेशिक पुष्प प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त होना संस्थान के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाता है कि यूपी मेट्रो सार्वजनिक परिवहन के साथ-साथ हरित एवं सुंदर शहरी परिवेश के निर्माण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
इसे भी पढ़ेंः
भारत के खिलाफ मैच खेलने को पाकिस्तान राजी
https://www.primenewsnetwork.in/india/pakistan-ready-play-india-world-cup/132764