प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

योगी सरकार का मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन

योगी सरकार का मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन, 11.66 करोड़ की खाद्य सामग्री जब्त तथा 2,075 छापों में सख्त कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में मिलावट के खिलाफ FSDA के विशेष अभियान में 3,537 निरीक्षण और 2,075 छापेमारी की गई। कार्रवाई में 11.66 करोड़ रुपये की खाद्य सामग्री जब्त कर असुरक्षित उत्पाद नष्ट कराए गए।

योगी सरकार का मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन 1166 करोड़ की खाद्य सामग्री जब्त तथा 2075 छापों में सख्त कार्रवाई

UP Govt Seizes Food Items Worth ₹11.66 Crore in Anti-Adulteration Drive |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मिलावटखोरों के खिलाफ योगी सरकार ने प्रदेशभर में बड़ा अभियान चलाते हुए 11.66 करोड़ रुपये की खाद्य सामग्री जब्त की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की कार्रवाई में 3,537 निरीक्षण, 2,075 छापेमारी और 2,965 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए। अभियान के दौरान दूध, मसाले, खाद्य तेल, घी और पैकेज्ड पेयजल समेत कई खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिसमें असुरक्षित पाए गए उत्पादों को नष्ट कराया गया और दोषी कारोबारियों पर कानूनी कार्रवाई की गई।

मसालों से लेकर दूध, घी, खाद्य तेल और पेयजल तक चला विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त डॉ रोशन जैकब ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल मिलावटखोरों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं का सुरक्षित खाद्य पदार्थों पर विश्वास मजबूत करना और खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की संस्कृति विकसित करना भी रहा। उन्होंने बताया कि खुले एवं पैक्ड मसाले, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, पनीर, घी, पैकेज्ड पेयजल, जैम, जेली, सॉस, मेयोनिज, अचार, चटनी तथा खाद्य तेल सहित विभिन्न खाद्य श्रेणियों में चरणबद्ध विशेष अभियान चलाया गया।

मिलावट के खिलाफ सर्जिकल अभियान

मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान में मसाले, अचार, सॉस, जैम, जेली, मेयोनेज, चटनी और दूध-दुग्ध उत्पादों की निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की गई। मसालों के 1,055 नमूने लेकर 419.7 क्विंटल सामग्री (₹67.78 लाख) जब्त की गई, जबकि 80.47 क्विंटल असुरक्षित मसाले (₹15.17 लाख) नष्ट किए गए। अचार, सॉस, जैम, जेली, मेयोनेज और चटनी के 801 नमूनों की जांच में 338.6 क्विंटल खाद्य पदार्थ (₹27.77 लाख) जब्त हुए और 259.28 क्विंटल असुरक्षित सामग्री (₹17.56 लाख) नष्ट कराई गई। दूध एवं दुग्ध उत्पादों के 572 छापों में 885 नमूने लिए गए, जिसमें 1,876.66 क्विंटल उत्पाद (₹10.66 करोड़) जब्त किए गए और 211.96 क्विंटल मिलावटी व असुरक्षित उत्पाद (₹30.44 लाख) नष्ट कराए गए।

पेयजल कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई, 313 नमूने गुणवत्ता मानकों पर फेल

आयुक्त ने बताया कि पैकेज्ड पेयजल निर्माण इकाइयों पर 212 छापों के दौरान 224 नमूने लिए गए। 56 इकाइयों को सुधार सूचना जारी की गई, 41 लाइसेंस निलंबित किए गए, 57 इकाइयों को सील किया गया तथा 37 इकाइयों का उत्पादन बंद कराया गया। साथ ही 293 किलोलीटर पैकेज्ड पेयजल (₹5.06 लाख) जब्त किया गया। प्रदेश की 520 पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर एवं मिनरल वाटर इकाइयों के निरीक्षण में 397 नमूनों की जांच के दौरान 119 नमूने असुरक्षित तथा 194 नमूने अधोमानक पाए गए। इसके बाद संबंधित इकाइयों के लाइसेंस निलंबित करने और विभिन्न ब्रांडों पर सुधार होने तक प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की गई। इससे पहले भी 39 असुरक्षित नमूनों के आधार पर 27 राज्य स्तरीय तथा 12 केंद्रीय लाइसेंसधारी ब्रांड पर रोक लगाई जा चुकी है।

खाद्य तेल और घी के ब्रांडों पर भी चला सरकार का डंडा

उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल उपलब्ध कराने के लिए गठित 58 अंतर्जनपदीय टीमों ने 64 निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। 210 नमूने जांच के लिए लिए गए तथा 4,153 किलोलीटर खाद्य तेल (लगभग ₹6.5 करोड़) जब्त किया गया। जांच में अधिकांश नमूने असुरक्षित या अधोमानक मिलने पर 14 इकाइयों के विभिन्न ब्रांडों पर सुधार होने तक प्रतिबंध लगाया गया।इसी प्रकार विभिन्न ब्रांड के घी के नमूने असुरक्षित पाए जाने पर उत्तर प्रदेश के बाहर की 5 तथा उत्तर प्रदेश की 6 निर्माण इकाइयों के कुल 11 ब्रांडों के निर्माण, वितरण, भंडारण और बिक्री पर सुधार होने तक प्रतिबंध लगा दिया गया।

6 जिलों में एफआईआर, नकली खाद्य पदार्थ बनाने वालों पर कानूनी शिकंजा

डॉ रोशन जैकब ने बताया कि खाद्य सुरक्षा कानूनों का गंभीर उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध शाहजहांपुर, मथुरा, अमरोहा, अलीगढ़, बदायूं और उन्नाव में 6 एफआईआर दर्ज कराई गईं। इनमें सिंथेटिक रंग से सौंफ तैयार करना, नकली पनीर, नकली दूध और घी बनाना, प्रतिबंधित पदार्थों से बटर तैयार करना, सील तोड़कर अवैध उत्पादन करना तथा बिना लाइसेंस निर्माण जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अभियान के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटे एवं खुदरा व्यापारियों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न न किया जाए। कार्रवाई केवल संगठित रूप से मिलावट करने वालों और गंभीर खाद्य अपराधियों पर केंद्रित रहे, ताकि ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोर उदाहरण स्थापित हो सके।

इन स्थानों पर हुई बड़ी कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान गंभीर अनियमितताओं के मामलों में 6 एफआईआर दर्ज कराई गईं

  • शाहजहांपुर में सिंथेटिक रंग से रंगी 400 किलोग्राम सौंफ जब्त।
  • मथुरा में सील तोड़कर बिना लाइसेंस डेयरी संचालन।
  • अमरोहा में वेजीटेबल फैट व प्रतिबंधित पदार्थों से बटर निर्माण, हजारों किलो व्हे पाउडर व स्क्रैप पाउडर जब्त।
  • अलीगढ़ में अपमिश्रकों से नकली पनीर बनाते हुए फैक्ट्री पकड़ी गई।
  • बदायूं में रिफाइंड ऑयल व अपमिश्रकों से नकली दूध और घी तैयार करते हुए कार्रवाई।
  • उन्नाव में विभाग द्वारा सील की गई सॉस निर्माण इकाई की सील तोड़कर दोबारा संचालन करने पर एफआईआर दर्ज की गई।

यह भी पढे़ं:   ब्रजेश पाठक बोले- कानून व्यवस्था और निवेश से उत्तर प्रदेश ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर

Related to this topic: