69,000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने लखनऊ में मायावती के आवास के पास प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई। 7 साल से भटक रहे युवाओं ने की दखल की मांग।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ में शनिवार को उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती के घर के पास शिक्षक भर्ती के उम्मीदवारों ने विरोध प्रदर्शन किया। वे 69,000 शिक्षक भर्ती आरक्षण मामले में मायावती से दखल देने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने मायावती से अपनी बात उठाने की अपील की। उनका आरोप था कि पिछले सात सालों से इस मामले को लेकर कोशिश करने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला है।
दर-दर भटकने को मजबूर अभ्यर्थी
एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र सरकारों के पास बार-बार जाने के बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मायावती इस मामले में दखल देंगी। प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम योगी और मोदी के दरवाजे पर बार-बार जाकर थक चुके हैं। अब हमारी बहनजी (मायावती) हमें न्याय दिलाएंगी। हम बहुत भरोसे और उम्मीद के साथ यहां आए हैं। हमें अभी तक न्याय नहीं मिला है।"
सात साल का लंबा संघर्ष
अमित मौर्य ने खुद को 69,000 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाले का उम्मीदवार बताते हुए BSP प्रमुख से उम्मीदवारों के समर्थन में आवाज़ उठाने की अपील की। मौर्य ने आरोप लगाया, "आज हम न्याय मांगने के लिए मायावती जी के पास आए हैं। सात साल हो गए हैं जब से हम दर-दर भटक रहे हैं। हमने सुप्रीम कोर्ट जाने से लेकर विरोध प्रदर्शन करने तक सब कुछ किया है। अब तक सरकार हमें न्याय देने को तैयार नहीं है।"
मिलने की कोशिश पर हिरासत का आरोप
एक अन्य प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि मायावती से मिलने की कोशिश कर रहे उम्मीदवारों को पकड़कर बसों में ले जाया जा रहा है, लेकिन उन्हें भरोसा है कि वे उनका मुद्दा उठाएंगी। प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम बहनजी से मिलने का अनुरोध करने आए थे, लेकिन हमें बसों में भरकर ले जाया जा रहा है। मुझे पूरी उम्मीद है कि बहनजी हमारी आवाज उठाएंगी। हम वापस आएंगे।"
4,946 पदों पर नियुक्ति की मांग
एक अन्य उम्मीदवार ने 4,946 पदों पर नियुक्ति की मांग की और मेरिट लिस्ट में संशोधन की अपील की। प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम बस बहनजी से यह कहना चाहते हैं कि हमें न्याय मिलना चाहिए। हमारी 4,946 सीटों के लिए मेरिट लिस्ट कम की जानी चाहिए और हमें नियुक्तियां दी जानी चाहिए।" प्रदर्शनकारियों ने भरोसा जताया कि मायावती उनकी मांगें उठाएंगी और प्रभावित उम्मीदवारों को न्याय दिलाएंगी।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: बलिया में पेपर लीक के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग