प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

यूपी में 1 से 7 नवंबर तक चलेगा मिशन LiFE अभियान

यूपी में 1 से 7 नवंबर तक चलेगा मिशन LiFE अभियान, पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक

यूपी में 1 से 7 नवंबर तक मिशन LiFE के तहत पर्यावरण जागरूकता अभियान चलेगा। स्वयं सहायता समूहों की दीदियां ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली और संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगी।

यूपी में 1 से 7 नवंबर तक चलेगा मिशन life अभियान पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक

UP to Run Mission LiFE Campaign from November 1 to 7 for Environmental Protection |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर प्रदेशभर में 1 से 7 नवंबर 2026 तक मिशन LiFE (Lifestyle for Environment) के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से इस सप्ताहव्यापी अभियान का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहारों को बढ़ावा देना है।

स्वयं सहायता समूहों की दीदियां निभाएंगी अहम भूमिका

इस अभियान में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं यानी दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इनके माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के पहले दिन MYBharat और Meri LiFE पोर्टल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही जन-जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

प्रभात फेरी, वॉकथॉन और योगाभ्यास से मिलेगा जागरूकता का संदेश

अभियान के प्रथम दिवस पर विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रातःकालीन प्रभात फेरी, वॉकथॉन, योगाभ्यास और साइकिल रैली शामिल हैं। इसके अलावा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। सात दिवसीय कार्यक्रम के लिए दिवसवार कार्ययोजना तैयार की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि समूह की दीदियों के माध्यम से प्रतिदिन के कार्यक्रमों और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया को जनमानस तक पहुंचाया जाए।

पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी: केशव मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता के माध्यम से दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में स्वयं सहायता समूहों की दीदियों की सक्रिय भूमिका ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

मिशन LiFE के सात प्रमुख विषयों पर होगा फोकस

मिशन LiFE के तहत 1 से 7 नवंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सप्ताहव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सात प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है। इनमें स्वस्थ जीवनशैली अपनाना, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, सतत खाद्य प्रणाली को प्रोत्साहन, एकल उपयोग प्लास्टिक का त्याग, ई-कचरे में कमी और अपशिष्ट में कमी शामिल हैं। इन विषयों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सभी जनपदों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान में स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों, संकुल स्तरीय संघों, सामुदायिक कैडर और अन्य संबंधित हितधारकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान के जरिए ग्रामीण परिवारों को पर्यावरण के प्रति अधिक जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से सतत विकास की दिशा में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को जनआंदोलन का रूप देना है।

यह भी पढ़ें:   अरुणाभ कुमार का 20 साल का संघर्ष हुआ सफल, TVF की पहली फिल्म Vvaan ₹100 करोड़ के करीब

Related to this topic: