मध्य प्रदेश के सिंगरौली में अवैध रेत उत्खनन को लेकर वन विभाग और ग्रामीणों में भारी विवाद। वनकर्मी शुभम सिंह पर हवाई फायरिंग का आरोप, संजय टाइगर रिजर्व के उप निदेशक ने बैठाई जांच। पूरी खबर...
सिंगरौली: जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के माझी गांव में वन विभाग और ग्रामीणों के बीच ट्रैक्टर जब्ती को लेकर विवाद सामने आया है। सोमवार को हुई इस घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया है, जिसमें अभयारण्य की टीम द्वारा हवाई फायरिंग की गई है।
अवैध रेत उत्खनन मामले में ट्रैक्टर जब्त करने पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार, सन घड़ियाल अभयारण्य की टीम अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में इस्तेमाल होने का आरोप लगाते हुए एक ट्रैक्टर जब्त करने माझी गांव पहुंची थी। हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि ट्रैक्टर मौके पर खाली खड़ा था और उसके साथ कोई ट्रॉली या रेत मौजूद नहीं थी, जिसके कारण विवाद बढ़ गया।
ग्रामीणों ने तीन राउंड हवाई फायर का लगाया आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान वन विभाग के कर्मचारी शुभम सिंह ने अपनी राइफल से लगभग तीन राउंड हवाई फायर किए। घटना की सूचना मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस भी गांव पहुंची।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर उठाए सवाल
थाना प्रभारी विद्याभारती तिवारी ने बताया कि मौके पर वन विभाग की टीम मौजूद थी और वहां केवल एक ट्रैक्टर खड़ा मिला था। बताया जा रहा है कि वन विभाग संभवतः सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर के आधार पर कार्रवाई करना चाह रहा था। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और कार्रवाई को अनुचित बताया है।
जांच के लिए कमेटी गठित
इस पूरे मामले पर संजय टाइगर रिजर्व के उप निदेशक राजेश काना ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में है। मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर गांव भेजी गई है, जिसकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण कई बार स्थानीय सहयोग नहीं मिल पाता, लेकिन उन्होंने हवाई फायरिंग की परिस्थितियों पर स्पष्टीकरण नहीं दिया।