प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

डिंडौरी में स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ निकाली रैली

ऑक्सीजन की कमी से युवक की मौत पर बवाल, NSUI का विरोध प्रदर्शन

विरोध प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें रोक दिया।

ऑक्सीजन की कमी से युवक की मौत पर बवाल nsui का विरोध प्रदर्शन

डिंडोरी में एनएसयू आई का प्रदर्शन |

डिंडौरी  (मध्य प्रदेश)। राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मंडला जिले में कथित तौर पर ऑक्सीजन की कमी के कारण एक युवक की मौत के मामले को लेकर आक्रोशित NSUI कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए और स्वास्थ्य मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की।

शहर में निकाली रैली

रैली के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि अस्पतालों में समय पर पर्याप्त ऑक्सीजन और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होतीं, तो युवक की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने इस घटना को स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस से प्रदर्शनकारियों की हल्की बहस

विरोध प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें रोक दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक हल्की धक्का-मुक्की और बहस की स्थिति भी बनी, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए किसी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया। इसके चलते कार्यकर्ता पुतला दहन नहीं कर सके।

आंदोलन व्यापक करने की चेतावनी

NSUI नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मंडला की घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए।

इसे भी पढेंः  संसद में गृह मंत्री अमित शाह की गैरमौजूदगी पर विपक्ष का हंगामा, राम मंदिर चंदे और कई मुद्दों पर जवाब की मांग

Related to this topic: