यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के ओडीओसी पवेलियन में मिर्जापुर के गुड़ से ठेकुआ बनाने की विधि सिखाई जा रही है। ‘खाऊ गली’ में भी आगंतुकों की भीड़ उमड़ रही है।
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा में शनिवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के दौरान इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बनाए गए ओडीओसी (वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन) पवेलियन में प्रदेश की खान-पान परंपरा और स्थानीय व्यंजनों का संगम देखने को मिल रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को प्रस्तुत किया जा रहा है। पवेलियन में पहुंच रहे लोग अलग-अलग क्षेत्रों के स्वाद का आनंद लेने के साथ उनसे जुड़ी परंपरा और स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी हासिल कर रहे हैं। इस दौरान ओडीओसी पवेलियन की मास्टर शेफ क्लास भी आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
मास्टर शेफ क्लास में मिर्जापुर के गुड़ से बन रहा ठेकुआ
मास्टर शेफ क्लास में पूर्वांचल के पारंपरिक व्यंजन ठेकुआ को तैयार करने की विधि प्रत्यक्ष रूप से समझाई जा रही है। इसमें खास तौर पर मिर्जापुर के गुड़ का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए आगंतुकों को मिर्जापुर के गुड़ की विशेषताओं और उससे तैयार होने वाले विभिन्न उत्पादों की जानकारी भी दी जा रही है।
क्लास में सामग्री के चयन से लेकर मिश्रण तैयार करने और ठेकुआ को अंतिम रूप देने तक की प्रक्रिया समझाई जा रही है। आगंतुक विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कर रहे हैं और पूर्वांचल के पारंपरिक स्वाद को करीब से समझ रहे हैं।
ठेकुआ के साथ स्थानीय संस्कृति की भी जानकारी
मास्टर शेफ क्लास में ठेकुआ के साथ पूर्वांचल से जुड़े अन्य स्थानीय खाद्य उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। आगंतुकों को भोजन से जुड़ी स्थानीय संस्कृति, परंपरा और अर्थव्यवस्था को समझने का अवसर मिल रहा है। इस पहल के जरिए पारंपरिक व्यंजनों को केवल स्वाद तक सीमित रखने के बजाय उनसे जुड़े स्थानीय उत्पादों और परंपराओं को भी लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
रविवार को शेफ हरपाल सिंह सोखी रहेंगे मौजूद
ओडीओसी की मास्टर शेफ क्लास में प्रसिद्ध शेफ हरपाल सिंह सोखी रविवार को मौजूद रहेंगे। उनकी मौजूदगी में आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को आधुनिक पाक कला के साथ जोड़ने की बारीकियां समझने का अवसर मिलेगा।
आगंतुक शेफ हरपाल सिंह सोखी से संवाद कर सकेंगे और उत्तर प्रदेश की विविध खान-पान परंपरा से जुड़े सवाल भी पूछ सकेंगे। इसके अलावा अगले चार दिनों में कई अन्य फेमस शेफ भी मास्टर शेफ क्लास में पाक कला से जुड़ी जानकारी देंगे।
खाऊ गली में उमड़ी भीड़, उत्पादों की मांग बढ़ी
ओडीओसी पवेलियन की खाऊ गली भी ट्रेड शो में पहुंच रहे लोगों के बीच खास आकर्षण बनी हुई है। यहां प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों का स्वाद लेने के लिए लगातार भीड़ पहुंच रही है। दिन ढलने के साथ कई स्टॉलों पर उत्पादों की मांग बढ़ी और कुछ उत्पादों की उपलब्धता कम पड़ने लगी। आगंतुक पारंपरिक स्वाद का आनंद लेने के साथ संबंधित जिलों और वहां के स्थानीय उत्पादों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं।
75 जिलों की खान-पान विरासत एक मंच पर
उत्तर प्रदेश सरकार की पहल से तैयार ओडीओसी पवेलियन में प्रदेश के सभी 75 जिलों की खान-पान विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों के व्यंजनों और खाद्य परंपराओं को उनके भौगोलिक एवं सांस्कृतिक संदर्भ के साथ प्रदर्शित किया गया है। ब्रज की मिठास, अवध के जायके, बुंदेलखंड की विशिष्टता, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पारंपरिक स्वाद और पूर्वांचल के व्यंजनों के जरिए पवेलियन में उत्तर प्रदेश की एक प्रदेश, अनेक स्वाद वाली पहचान को सामने रखा जा रहा है।
स्थानीय स्वाद को वैश्विक मंच देने की पहल
योगी सरकार की ओर से प्रदेश की खान-पान विरासत को संरक्षित करने और उसे व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में ओडीओसी को महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों की प्रस्तुति से इन्हें देश-विदेश से आए आगंतुकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जेन अल्फा ने संभाली दुनिया की कमान, MUN में वैश्विक व्यापार पर मंथन