प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

उत्तराखंड में भूकंप सायरन का परीक्षण

उत्तराखंड में 9 अक्टूबर को बजेगा भूकंप का सायरन, घबराएं नहीं- सिस्टम का होगा परीक्षण

उत्तराखंड में भूकंप से बचाव के लिए 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सायरन और भूदेव ऐप का परीक्षण होगा। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, यह सिर्फ एक मॉक ड्रिल है।

उत्तराखंड में 9 अक्टूबर को बजेगा भूकंप का सायरन घबराएं नहीं- सिस्टम का होगा परीक्षण

Earthquake siren test in Uttarakhand |

देहरादून (उत्तराखंड)। उत्तराखंड में भूकंप के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा राज्य में स्थापित भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के अंतर्गत लगाए गए सायरन एवं सेंसरों का परीक्षण करने के लिए कल 09 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे राज्य में भूकंप का सायरन बजाया जाएगा। यह सायरन किसी वास्तविक भूकंप की सूचना नहीं होगा, बल्कि प्रणाली के परीक्षण और जनजागरूकता के उद्देश्य से बजाया जाएगा। गुरुवार को सायरन बजाए जाने को लेकर उपभोक्ताओं को भूदेव एप पर एलर्ट भी प्राप्त हुआ।

169 सेंसर और 112 सायरन होंगे चेक

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि कल होने वाले परीक्षण के माध्यम से लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराया जाएगा, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में सायरन सुनकर लोग इसे पहचान सकें और घबराने के बजाय आवश्यक सावधानी बरत सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के अंतर्गत 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। कल सायरन बजाकर इनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा। यदि किसी स्थान पर सायरन या प्रणाली में तकनीकी समस्या पाई जाती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय चेतावनी प्रणाली प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।

और मजबूत होगी चेतावनी प्रणाली

सुमन ने बताया कि राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है। सायरन एवं सेंसरों की संख्या को दोगुना किया जाएगा तथा लगभग 5 से 10 किलोमीटर की दूरी के अंतराल पर सेंसर एवं सायरन स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। USDMA एवं आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर स्थापित करने का प्रस्ताव भी गतिमान है, जिससे भूकम्पीय गतिविधियों की निगरानी और चेतावनी की क्षमता में और सुधार होगा।

मोबाइल पर मिलेगा भूदेव ऐप अलर्ट

उन्होंने बताया कि कल सायरन के परीक्षण के साथ भूदेव मोबाइल ऐप उपयोगकर्ताओं के मोबाइल फोन पर भी परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन एवं बीप-बीप की ध्वनि प्राप्त होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि भूदेव मोबाइल ऐप का अपडेटेड वर्जन अपने मोबाइल में इंस्टॉल/अपडेट रखें तथा ऐप को लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए प्रदान करें, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में चेतावनी समय पर प्राप्त हो सके।

घबराएं नहीं, यह सिर्फ एक परीक्षण है

उन्होंने आमजन से विशेष अपील की कि कल पूर्वाह्न 11 बजे सायरन बजने पर किसी प्रकार की घबराहट या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न करें। यह पूर्व निर्धारित परीक्षण है। इस पहल का उद्देश्य आमजन को भयभीत करना नहीं, बल्कि भूकंप के प्रति जागरूक, सतर्क और तैयार करना तथा राज्य की भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को नियमित रूप से परखना है। 

USDMA की आमजन से अपील

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि प्रत्येक माह की 09 तारीख को पूर्वाह्न 11.00 बजे सायरन बजने पर घबराएं नहीं। यह सायरन भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के नियमित परीक्षण एवं जनजागरूकता के लिए बजाया जाएगा।
आमजन से अनुरोध है कि:

  • अपने मोबाइल फोन में भूदेव मोबाइल ऐप का अपडेटेड वर्जन इंस्टॉल/अपडेट रखें।
  • भूदेव मोबाइल को लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए प्रदान करें।
  • सायरन की आवाज को ध्यान से पहचानें, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में चेतावनी को समझने में कठिनाई न हो।
  • नियमित सायरन परीक्षण के दौरान घबराएं नहीं और इसे भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के परीक्षण के रूप में समझें।
  • परिवार के सदस्यों, बच्चों, बुजुर्गों तथा आसपास के लोगों को भी इस व्यवस्था के बारे में जानकारी दें।
  • भूकंप के दौरान सुरक्षित व्यवहार और आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी प्राप्त करें तथा आवश्यकता पड़ने पर मॉक ड्रिल में सक्रिय भागीदारी करें।

यह भी पढ़ें: हरिद्वार में 60 हजार से अधिक पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण, धामी बोले- सशक्त पंचायतें विकास की नींव

Related to this topic: