श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायतों पर उत्तारखंड शासन ने मामले की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित कर दी है।
देहरादून (उत्तारखंड)। श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायतों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तारखंड शासन ने मामले की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित कर दी है। समिति की अध्यक्षता गढ़वाल मंडल के आयुक्त करेंगे। समिति में एनएचएम के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी और महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक वित्त जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।
15 दिनों में जांच रिपोर्ट सौंपेगी उच्चस्तरीय समिति
सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल की ओर से जारी आदेश के अनुसार समिति बदरीनाथ धाम में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच करेगी। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच आख्या और संस्तुतियां शासन को सौंपनी होंगी। जांच के दौरान समिति जरूरत पड़ने पर किसी भी अधिकारी, विशेषज्ञ या संबंधित व्यक्ति का सहयोग ले सकेगी। साथ ही समिति दान-चढ़ावे के प्रबंधन तंत्र को और अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बनाने के लिए सुधारात्मक उपायों के सुझाव भी शासन को देगी। सरकार की यह कार्रवाई बदरीनाथ धाम जैसे आस्था के केंद्र में दान-चढ़ावे की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: सीएम योगी ने सुल्तानपुर को दी ₹819 करोड़ से अधिक की 99 विकास परियोजनाओं की सौगात