खैरागढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जुड़े कथित शराब पार्टी और वायरल वीडियो मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)। खैरागढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी यानी BEO कार्यालय से जुड़े कथित शराब पार्टी और वायरल वीडियो मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो और लगातार उठ रहे सवालों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधान पाठक निलंबित
जारी आदेश के मुताबिक, BEO कार्यालय खैरागढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार और शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा को निलंबित किया गया है। दोनों पर शासकीय कार्यालय परिसर में शराब सेवन और अमर्यादित व्यवहार का आरोप है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी मिली थी। प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत पाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

कई दिनों से मिल रही थी शिकायतें
निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है। इस मामले को लेकर पिछले कई दिनों से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं और स्थानीय मीडिया में भी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की जा रही थी। फिलहाल विभागीय कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है और अब इस पूरे मामले में आगे की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: कोरबा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में फंदे पर लटका मिला शव