इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभिषेक उर्फ बंजारा पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया।
इटावा (उत्तर प्रदेश)। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित बदमाश की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अभिषेक उर्फ बंजारा के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
जसवंतनगर थाने में मुकदमा दर्ज
पुलिस के मुताबिक, कोठी कैस्त गांव निवासी सुनीता ने 22 अगस्त को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभिषेक उर्फ बंजारा और सुमित उर्फ लाखा ने उसके बेटे शिवम उर्फ शेख को गोली मारकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में जसवंतनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश और कॉम्बिंग कर रही थी। इसी दौरान कचौरा बाईपास रेलवे ओवरब्रिज के पास नहर पुल की ओर झाड़ियों में छिपे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभिषेक के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान अभिषेक का साथी सुमित उर्फ लाखा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अभिषेक पर कई धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार अभिषेक के खिलाफ जसवंतनगर और बसरेहर थानों में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, मारपीट, धमकी समेत कई धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में भी जसवंतनगर थाने में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ेंः मुरैना में पैसे मांगने पर किराना दुकानदार पर फायरिंग, गोली लगने से घायल