देवगांव थाना क्षेत्र के चकिया भगवानपुर गांव में खेत में जबरन पानी बहाने से रोकने पर एक महिला पर फावड़े से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।
आजमगढ़ {उत्तरप्रदेश}। देवगांव थाना क्षेत्र के चकिया भगवानपुर गांव में खेत में जबरन पानी बहाने से रोकने पर एक महिला पर फावड़े से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है।
खेत में पानी बहाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को चकिया भगवानपुर निवासी दिलीप यादव ने थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि विपक्षी रवि यादव उसके खेत में जबरदस्ती पानी बहा रहा था। दिलीप की मां चन्दा ने जब इसका विरोध किया तो रवि यादव ने जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर फावड़े से प्रहार कर दिया। हमले में चन्दा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बीएनएस की धारा में दर्ज हुआ मुकदमा
तहरीर के आधार पर देवगांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 296/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
19 अगस्त को प्रभारी चौकी लालगंज उपनिरीक्षक रविन्द्रनाथ पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर रेतवाचन्द्रभानपुर तिराहे से करीब 50 मीटर पहले रवि यादव को सुबह लगभग 10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक फावड़ा बरामद किया।
40 वर्षीय है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि यादव पुत्र प्रताप यादव, निवासी चकिया भगवानपुर, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु सरकार का बड़ा फैसला, तीसरे बच्चे के लिए महिला कर्मचारियों को 365 दिन का मातृत्व अवकाश