बहराइच के रुपईडीहा में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 48 वर्षीय महिला जलपता की मौत हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत की ओर गई 48 वर्षीय महिला जलपता की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
खेत में काम के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई महिला
जानकारी के अनुसार, रुपईडीहा थाना क्षेत्र के कलुवाडीह गांव निवासी 48 वर्षीय जलपता खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गईं। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि बिजली विभाग द्वारा समय रहते जर्जर विद्युत लाइन और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया गया होता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
हादसे के बाद गांव में मातम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर डाटा एंट्री ऑपरेटरों का रोड मार्च