भेड़ाघाट से दर्शन कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वाहन के बेकाबू होकर पलट जाने से एक महिला की मौत हो गई।
डिंडोरी: जिले के मेहदवानी थाना क्षेत्र के फुलवाही घाट में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भेड़ाघाट से दर्शन कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वाहन बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।
भेड़ाघाट से अपने गांव लौट रहे थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में ग्रामीण सवार होकर भेड़ाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान फुलवाही घाट के एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में महिला की मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में 50 वर्षीया सुनारिन बाई की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासन घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है। इस हादसे ने एक बार फिर यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों के सफर और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।