बहराइच में शनिवार को जमीन विवाद से परेशान महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि बंजर भूमि पर कब्जे के कारण उसके घर आने-जाने का रास्ता बाधित हो रहा है।
बहराइच: कैसरगंज तहसील परिसर में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद से परेशान एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला का आरोप था कि बंजर भूमि पर कब्जा होने के कारण उसके घर आने-जाने का रास्ता बंद हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, कैसरगंज थाना क्षेत्र के कटका गांव की रहने वाली महिला शनिवार दोपहर अपनी समस्या को लेकर तहसील परिसर पहुंची थी।
बंजर भूमि पर कब्जे से घर का रास्ता बाधित होने का आरोप
आरोप है कि बंजर भूमि पर कब्जे के चलते उसके घर का रास्ता बाधित हो रहा था। अपनी समस्या को लेकर नाराज महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर महिला को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद महिला टंकी से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
हाईकोर्ट में विचाराधीन है जमीन विवाद
इस मामले में उपजिलाधिकारी कैसरगंज प्रशांत कुमार नायक ने बताया कि विवाद को लेकर महिला और दूसरे पक्ष, दोनों ने हाईकोर्ट में मुकदमा दायर किया है। अदालत ने 23 अक्टूबर को प्रशासन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। न्यायालय के आदेश के अनुसार, आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला के टंकी पर चढ़ने की घटना के बाद जमीन विवाद का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और विवाद के समाधान पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें- आखिरी मौके पर स्थगित हुआ CM विष्णुदेव साय का रामपुर दौरा, राम जानकी मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियां धरी रह गईं