मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चित्रकूट और मानिकपुर विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए ₹951 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
चित्रकूट (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जनपद चित्रकूट में ₹951 करोड़ की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने चित्रकूट को भारत की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का महान प्रतीक बताया। साथ ही कहा कि प्रभु श्रीराम के वनवास काल का सबसे बड़ा संबल यही पावन धरा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुत जल्द नए एयरक्राफ्ट आने के साथ ही चित्रकूट को दिल्ली व लखनऊ से सीधी वायु सेवा से जोड़ दिया जाएगा। वर्ष 2017 से पहले की सरकारों ने चित्रकूट के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। यहां भय व अव्यवस्था का माहौल था। लेकिन, डबल इंजन सरकार के प्रयासों से चित्रकूट बदल चुका है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे यहां की लाइफलाइन बन चुका है और भरतकूप से आगे के निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
शस्त्र व शास्त्र संधान का केंद्र बनेगा चित्रकूट
मुख्यमंत्री ने कहा कि हजारों वर्ष पहले भगवान राम ने इसी धरा से संपूर्ण भारत को सुरक्षित करने का संकल्प लिया था। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए चित्रकूट में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है। यहां जल्द ही एक बड़ी औद्योगिक यूनिट का निवेश होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कल इंडोनेशिया के साथ हुए समझौते के तहत उत्तर प्रदेश में बनने वाली ब्रह्मोस मिसाइल अब निर्यात की जाएगी, जो रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को दर्शाती है। इसके साथ ही जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा देकर शिक्षा और विकास को नई गति दी गई है। शस्त्र व शास्त्र संधान का कोई क्षेत्र बनेगा तो वह चित्रकूट ही होगा। सीएम ने चित्रकूट इंटर कॉलेज के प्रबंधन और वहां पढ़ रहे 7,000 से अधिक छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यही युवा 'विकसित चित्रकूट' और 'विकसित भारत 2047' की आधारशिला बनेंगे।

लोक कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचा रही है। प्रदेश में 9.5 लाख नौजवानों को पूरी पारदर्शिता से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस और ₹5 लाख तक का आयुष्मान स्वास्थ्य कवच दिया जा रहा है। चित्रकूट में आध्यात्मिक टूरिज्म के साथ-साथ रानीपुर टाइगर रिजर्व के माध्यम से इको-टूरिज्म का एक नया केंद्र विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बांटे चेक और प्रमाण-पत्र
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व अन्य सहायता प्रदान की। इसमें सीएम युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मेधावी सम्मान योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना समेत अन्य योजनाओं से जुड़े लाभार्थी शामिल रहे। विभिन्न योजनाओं के तहत इन लोगों को मिला लाभ:
सीएम युवा उद्यमी योजना
- विजय कुमार – 5 लाख रुपये का चेक (मोबाइल रिपेयरिंग)
- कुमारी सत्यम मिश्रा – 5 लाख का चेक (पेपर-प्लेट मेकिंग)
पोषण अभियान एवं सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत
- ममता सोनी – स्मार्ट फोन (विभागीय योजनाओं के निष्पादन के लिए)
- आकृति शर्मा – स्मार्ट फोन (विभागीय योजनाओं के निष्पादन के लिए)
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण
- संगीता – स्वीकृत आवास की चाबी
- शिव कुमारी – स्वीकृत आवास की चाबी
मेधावी सम्मान योजना
- बप्पा रावल सिंह – 1 लाख रुपये का चेक
- कुमारी मानषी तिवारी – 1 लाख रुपये का चेक
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना
- मुन्नी देवी – 5 लाख रुपये का चेक
दैवीय आपदा के अंतर्गत अहैतुक सहायता
- आरती – 4 लाख रुपये का चेक
यह भी पढ़ें: यूपी में 12 लाख शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सौगात, स्कूली बच्चों के खातों में भेजे गए ₹1200