प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

योगी का पलटवार, अजय राय का जलभराव पर हमला

योगी का पिछली सरकारों पर हमला, बोले- 2017 से पहले यूपी में माफिया राज और पुलिस बेबस थी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने गोरखपुर में जलभराव के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

योगी का पिछली सरकारों पर हमला बोले- 2017 से पहले यूपी में माफिया राज और पुलिस बेबस थी

UP CM Yogi Adityanath |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की सरकारों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि साल 2017 में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने से पहले आम जनता माफियाओं के आतंक से त्रस्त थी और पुलिस पूरी तरह लाचार व बेबस स्थिति में थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आधुनिक उपकरणों से लैस 87 इंटरसेप्टर गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने से पहले राज्य को लगभग हर मोर्चे पर विकट चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था।

सीएम योगी बोले- पॉलिसी पैरालिसिस से उबारा राज्य

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, "यह देश का सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य था, लेकिन इसके बावजूद हम अर्थव्यवस्था, भर्ती (नौकरियों), नई तकनीकों को अपनाने और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में काफी पीछे थे। 2017 से पहले, लोग सिर्फ 'यूपी-वाला' कहकर किसी की भी उपेक्षा कर देते थे।"

उन्होंने पुलिस बल की मुश्किलों का जिक्र करते हुए आगे कहा, "हम पुलिस के सामने आने वाली चुनौतियों को समझते हैं। आखिर जब राजनीतिक नेतृत्व में कड़े फैसले लेने का संकल्प ही न हो, तो कानून-व्यवस्था कैसे पटरी पर आ सकती है? तब लोग माफियाओं के आगे घुटने टेकने को मजबूर थे और पुलिस बेबस थी।"

अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश को 'पॉलिसी पैरालिसिस' (नीतिगत गतिरोध) से पूरी तरह मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा, "साल 2017 से उस निराशा के दौर को पीछे छोड़ते हुए हमने राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है। आज मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमने पुलिस सुधारों को धरातल पर उतारा है। हमने शहरों में 14 लाख से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और हर जिले में 'इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' स्थापित किए हैं, जिससे शहरों को एक नई पहचान मिली है।" उन्होंने कहा कि 'सेफ सिटी' ट्रैफिक पहल के तहत इंटरसेप्टर गाड़ियों की तैनाती का लक्ष्य भी अब पूरा कर लिया गया है।

गोरखपुर जलभराव के मुद्दे पर अजय राय का तीखा हमला

एक तरफ जहां मुख्यमंत्री विकास और कानून-व्यवस्था के सुधार के दावे कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने गोरखपुर का दौरा कर सरकार को घेरा। हाल ही में लगातार तीन दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद गोरखपुर के बेतियाहाटा इलाके में भारी जलभराव हुआ था, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी सिलसिले में अजय राय वहां एक ब्यूटी पार्लर की मालकिन से मिलने पहुंचे जिनका सारा सामान पानी में डूबने से बर्बाद हो गया है।

दौरे के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "आज गोरखपुर का पूरा क्षेत्र भारी परेशानी से जूझ रहा है। मैं एक ऐसे गरीब परिवार से मिला हूं जहां एक महिला अपनी आजीविका चलाने के लिए उधार के पैसों से ब्यूटी पार्लर चला रही थी, लेकिन जलभराव ने उसे बर्बाद कर दिया।"

अजय राय ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के सामने सख्त मांग रखते हुए कहा कि प्रभावित महिला को तुरंत मुआवजा दिया जाए और इस गंभीर जलभराव व कुप्रबंधन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अपनी बात को समाप्त करते हुए उन्होंने मांग की, "इस गंभीर लापरवाही के बाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुद आगे आकर गोरखपुर के नागरिकों से माफी मांगनी चाहिए।"
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: BJP विधायकों के टूटने के दावे पर ब्रजेश पाठक का पलटवार, बोले- 2027 में फिर बनेगी प्रचंड बहुमत की सरकार

Related to this topic: