प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

युवाओं को दक्ष बनाएगी योगी सरकार

उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को दक्ष बनाएगी योगी सरकार, ITI और कौशल विकास केंद्रों की होगी नियमित मॉनिटरिंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक, उद्योगों की जरूरतों और रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को दक्ष बनाएगी योगी सरकार iti और कौशल विकास केंद्रों की होगी नियमित मॉनिटरिंग

Yogi Govt to Enhance Youth Skill Development |

लखनऊ {उत्तर प्रदेश}। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक, उद्योगों की जरूरतों और रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक युवा को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण केंद्रों की होगी नियमित निगरानी

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं की जनपद और मुख्यालय स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

शॉर्ट टर्म और रोजगारपरक कोर्स पर रहेगा फोकस

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की जरूरतों को देखते हुए युवाओं के लिए अधिक से अधिक शॉर्ट टर्म और रोजगारपरक कौशल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सॉफ्ट स्किल, डिजिटल लर्निंग, संवाद कौशल, इंटरव्यू की तैयारी, रिज्यूमे लेखन और व्यक्तित्व विकास जैसे विषय भी शामिल किए जाएं, ताकि युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ सके।

उद्योगों की जरूरत के मुताबिक होगा प्रशिक्षण

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ना भी है। इसके लिए उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और स्थानीय उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं। उन्होंने आईटीआई और कौशल विकास संस्थानों में आयोजित रोजगार मेलों की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।

अटल आवासीय विद्यालयों में आधुनिक स्किलिंग

बैठक में अटल आवासीय विद्यालयों में संचालित स्किलिंग कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं अगले माह से आश्रम पद्धति विद्यालयों में भी स्किलिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिससे सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण मिल सके।

सफल युवाओं की कहानियां होंगी साझा

मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल हुए युवाओं की प्रेरक कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उनके वीडियो, अनुभव और उपलब्धियों को सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से साझा किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित हों।

रोबोटिक्स और इंडस्ट्री 4.0 पर भी विशेष ध्यान

कौशल विकास मंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण संस्थानों में रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, सीएनसी, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग और इंडस्ट्री 4.0 जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही उद्योगों के साथ साझेदारी मजबूत कर प्रशिक्षण सामग्री को समय-समय पर अपडेट किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण के अनुरूप तैयार किया जा सके।

कौशल विकास में यूपी को अग्रणी बनाने का लक्ष्य

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्लेसमेंट, उद्योगों के साथ समन्वय, डिजिटल प्लेटफॉर्म और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी कौशलयुक्त मानव संसाधन वाला राज्य बनाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि हर प्रशिक्षित युवा को रोजगार या स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराना और प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़े: औरंगाबाद में चोरों का तांडव, एक ही रात चार घरों में लाखों की चोरी; गांव में दहशत का माहौल

Related to this topic: