भोपाल। राजधानी के मीरा नगर इलाके से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है...
भोपाल। राजधानी के मीरा नगर इलाके से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 38 वर्षीय युवक ने अपने ही घर के बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, युवक ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था और बहुत तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम चला रखा था।
आवाज इतनी तेज थी कि बाहर मौजूद परिजनों को अंदर हो रही किसी भी हलचल का अंदाजा नहीं हुआ। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और न ही अंदर से कोई हलचल महसूस हुई, तो परिजनों को किसी अनहोनी का शक हुआ।
दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर
परिजनों ने युवक को आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने मिलकर कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। जैसे ही दरवाजा खुला, सामने का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। युवक कमरे के अंदर फंदे पर लटका हुआ मिला।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
परिजनों ने आनन-फानन में युवक को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत गंभीर हालत में भोपाल के एम्स (AIIMS) अस्पताल लेकर भागे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने युवक को बचाने का पूरा प्रयास किया और उसका इलाज शुरू किया, लेकिन स्थिति बेहद गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान ही युवक ने दम तोड़ दिया। फिलहाल, युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/nta-launch-portal-for-refund-neet-fee/207390