थाना क्षेत्र के गांव बंधा के समीप सुबह दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
भरथना {उत्तर प्रदेश}। थाना क्षेत्र के गांव बंधा के समीप सुबह दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ट्रैक की अप और डाउन लाइन के बीच शव पड़ा देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसके बाद जेब से मिले कंपनी के गेट पास और दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान हो सकी।
दस्तावेजों से हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान बांदा जनपद के बबेरू थाना क्षेत्र के शिवाजी चौराहा निवासी 25 वर्षीय संजय पुत्र मूलचंद्र के रूप में हुई। संजय हरियाणा की एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे। बताया गया कि वह देर रात ट्रेन से दिल्ली से अपने घर बांदा के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे उनका शव भरथना थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 1122/30 के पास मिला।
शव मिलने से मची अफरा-तफरी
शव मिलने की जानकारी पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन शव लेने के लिए बांदा से भरथना रवाना हो गए।
ट्रेन से गिरने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि सफर के दौरान संजय ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे या खड़े रहे होंगे और असंतुलित होकर चलती ट्रेन से नीचे गिर गए होंगे। ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत होने की संभावना है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
भाई ने दी घटना की जानकारी
मृतक के छोटे भाई करन ने बताया कि संजय हरियाणा में एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी में नौकरी करते थे और देर रात ट्रेन से घर लौट रहे थे। सुबह उनकी मौत की सूचना मिली। कस्बा चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 32 साल के युवक ने दुपट्टे का फंदा बनाकर खत्म की जिंदगी, गांव में मचा हड़कंप