सतना जिले में चिकित्सा लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ किडनी की पथरी (Kidney Stone) के ऑपरेशन के बाद एक युवक की जान चली गई।
सतना (एमपी)। जिले में चिकित्सा लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ किडनी की पथरी (Kidney Stone) के ऑपरेशन के बाद एक युवक की जान चली गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ऑपरेशन में लापरवाही, हालत बिगड़ी
जानकारी के अनुसार, युवक को किडनी स्टोन के इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने घोर लापरवाही बरती, जिससे मरीज की हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आनन-फानन में रीवा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चक्का जाम व ₹20 करोड़ मुआवजा की मांग
आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया जिससे यातायात बाधित हुआ। परिजनों ने ₹20 करोड़ के मुआवजे और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की है।
डॉक्टर ने गलती स्वीकारी पर जिम्मेदारी रीवा अस्पताल पर डाली
सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कथित तौर पर ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर परिजनों से बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि डॉक्टर अपनी गलती स्वीकार करते और मामले को शांत करने की गुजारिश करते दिख रहे हैं। हालांकि, बातचीत के दौरान डॉक्टर ने जिम्मेदारी का ठीकरा रीवा अस्पताल पर फोड़ने की भी कोशिश की।
भारी पुलिस बल तैनात, परिजन को समझाने का प्रयास
घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस परिजनों को समझाने और प्रदर्शन खत्म कराने का प्रयास कर रही है। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, वे अपना विरोध जारी रखेंगे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/drugs-hidden-in-washing-machine-seized-3-arrested/157349
वॉशिंग मशीन में छिपाकर रखी थी 1.6 किलो चरस, पति-पत्नी सहित तीन तस्कर गिरफ्तार