नरसिंहपुर: जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम देगुवा सर्रा में एक युवक का शव पुराने घर में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
नरसिंहपुर {मध्य प्रदेश}: जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम देगुवा सर्रा में एक युवक का शव पुराने घर में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दीपेश पिता भगवान दास पटेल (27) निवासी देगुवा सर्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक का शव उसके बड़े भाई ने पुराने घर में फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही गोटेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए गोटेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां शव को मर्चुरी में रखवाकर डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। हालांकि उन्होंने बताया कि वह नशा करने का आदी था।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने थाना में मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: चंदौली में नहर में डूबे युवक का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव