प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अमेरिकी एजेंसी ICE का शिकंजा

अमेरिका के लास वेगास में पकड़ा गया गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, सहयोगी नीरज कौशिक भी हिरासत में

अमेरिकी आव्रजन एजेंसी (ICE) ने लास वेगास से भारतीय गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज कौशिक को हिरासत में लिया है। दोनों पर कई संगीन मामले दर्ज हैं।

अमेरिका के लास वेगास में पकड़ा गया गैंगस्टर हिमांशु भाऊ सहयोगी नीरज कौशिक भी हिरासत में

Representative Image |

नेवाडा (अमेरिका)। अमेरिका की आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) एजेंसी ने लास वेगास में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत के कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज कौशिक को हिरासत में ले लिया है। दोनों को नेवाडा के हेंडरसन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

कड़े पहरे में डिटेंशन सेंटर

अमेरिकी एजेंसी के 'एनफोर्समेंट एंड रिमूवल ऑपरेशंस' (ERO) लास वेगास कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले हेंडरसन डिटेंशन सेंटर में दोनों को रखा गया है। हालांकि, इनकी गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्यवाही को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने आनी बाकी है। अमेरिकी अधिकारियों के अगले बयानों का इंतजार किया जा रहा है।

कौन हैं हिमांशु और नीरज?

मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला हिमांशु भाऊ (असली नाम हिमांशु रितोलिया) भारत में 18 आपराधिक मामलों का सामना कर रहा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और जालसाजी जैसे गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ अगस्त 2023 से इंटरपोल का 'रेड नोटिस' भी जारी है। वहीं, दूसरा गैंगस्टर नीरज कौशिक 'नीरज फरीदपुरिया' के नाम से भी जाना जाता है।

फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, भाऊ साल 2022 में भारत से फरार हो गया था, जबकि नीरज कौशिक के साल 2029 (स्रोत अनुसार 2019) में देश छोड़ने की बात सामने आई है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाए और अपनी पहचान बदलकर विदेश में छिप रहे थे।

कई बड़ी वारदातों से कनेक्शन

भाऊ का आपराधिक नेटवर्क देश में कई सनसनीखेज मामलों से जुड़ा रहा है। अगस्त 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में भी इसके शूटर्स का नाम आया था। इसके अलावा, साल 2024 में दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट पर हुए शूटआउट, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी, उसकी जिम्मेदारी भी भाऊ ने ली थी। गिरोह का नाम हरियाणवी गायक फाजिलपुरिया के करीबी सहयोगी की हत्या में भी सामने आ चुका है।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: UNGA में भारत ने दोहराई सुरक्षित और शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक के प्रति प्रतिबद्धता

Related to this topic: