इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) पहले भी ईरान की परमाणु गतिविधियों पर अलग-अलग निरीक्षण व्यवस्थाओं के तहत नजर रखती रही है।
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान का संवर्द्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपे जाने के बाद नष्ट कर दिया जाएगा, चाहे वह मौके पर ही हो या किसी अन्य स्वीकार्य स्थान पर।
ईरान की सहमति से नष्ट किया जाएगा
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखाहै-' संवर्द्धित यूरेनियम (न्यूक्लियर डस्ट) को या तो तुरंत अमेरिका को सौंप दिया जाएगा, ताकि उसे देश में लाकर नष्ट किया जा सके या बेहतर यह होगा कि ईरान के इस्लामिक गणराज्य के साथ मिलकर और उनकी सहमति से उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया जाए, या किसी अन्य स्वीकार्य स्थान पर। इस प्रक्रिया में एटॉमिक एनर्जी कमीशन या उसके बराबर की कोई संस्था मौजूद रहेगी, गवाह के रूप में।'
यह नहीं बताया कितना है यूरेनियम
समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि यह संवर्द्धित यूरेनियम कितनी मात्रा में है। इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) पहले भी ईरान की परमाणु गतिविधियों पर अलग-अलग निरीक्षण व्यवस्थाओं के तहत नजर रखती रही है। इससे पहले सोमवार को ईरान की अर्द्थ सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने कहा था कि तेहरान ने अपने देश से संवर्द्धित यूरेनियम बाहर भेजने पर सहमति नहीं दी है। उसने सऊदी अरब के अल हदथ चैनल की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि ‘ईरान अपने उच्च स्तर पर एनरिच्ड यूरेनियम को देश से बाहर भेजने के लिए तैयार है।’
अमेरिका 12 अरब डॉलर की जब्त ईरानी संपत्ति जारी करेगा
'वॉशिंगटन पोस्ट' ने एक ईरानी अधिकारी के हवाले से सोमवार को रिपोर्ट किया कि संभावित समझौते के पहले चरण में अमेरिका 12 अरब डॉलर की जब्त ईरानी संपत्ति जारी करेगा, होर्मुज जलमार्ग में बारूदी सुरंगें हटाने का काम शुरू होगा, और अमेरिका की पाबंदियां हटाई जाएंगी। हालांकि ईरानी अधिकारी के अनुसार इस समझौते में कोई परमाणु समझौता शामिल नहीं है।