प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

तुर्की को F-35 बिक्री पर नेतन्याहू का विरोध

तुर्की को F-35 लड़ाकू विमान बेचने का नेतन्याहू ने किया विरोध, बोले- इससे मध्य पूर्व का शक्ति संतुलन बिगड़ेगा

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका द्वारा तुर्की को अमेरिकी निर्मित F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों की संभावित बिक्री का कड़ा विरोध किया है।

तुर्की को f-35 लड़ाकू विमान बेचने का नेतन्याहू ने किया विरोध बोले- इससे मध्य पूर्व का शक्ति संतुलन बिगड़ेगा

Netanyahu Opposes F-35 Sale to Turkey |

यरूशलम। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका द्वारा तुर्की को अमेरिकी निर्मित F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों की संभावित बिक्री का कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि यदि यह सौदा होता है तो इससे मध्य पूर्व में शक्ति संतुलन बिगड़ जाएगा। यह जानकारी सीएनएन को दिए गए उनके एक साक्षात्कार में सामने आई।

ट्रंप से बिक्री रोकने का किया आग्रह

सीएनएन के अनुसार, नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से तुर्की को F-35 लड़ाकू विमान बेचने की मंजूरी नहीं देने का आग्रह किया था। ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिया था कि वह अपने पहले कार्यकाल के दौरान तुर्की पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने पर विचार कर रहे हैं।

तुर्की पर लगाए गंभीर आरोप

नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका के सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों की बिक्री तुर्की को अमेरिका का बेहतर सहयोगी नहीं बनाती। उन्होंने तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका शासन मुस्लिम ब्रदरहुड से प्रभावित है और वह इज़राइल के प्रति शत्रुतापूर्ण रुख रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एर्दोगन इज़राइल को नष्ट करने की धमकी देते रहे हैं।

क्षेत्रीय सुरक्षा पर जताई चिंता

इज़राइली प्रधानमंत्री ने कहा कि तुर्की को F-35 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान मिलने से क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह शांति और स्थिरता को मजबूत करने के बजाय आक्रामकता को बढ़ावा देगा और पूरे मध्य पूर्व में शक्ति संतुलन प्रभावित होगा। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने इज़राइल को "मानवता पर बोझ" बताया था। इसके जवाब में इज़राइल के विदेश मंत्री ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे नरसंहार के लिए उकसाने वाला बताया।

ट्रंप ने बिक्री पर जताई सहमति के संकेत

रिपोर्ट के मुताबिक, नाटो शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तुर्की अमेरिका का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है और उनकी सरकार F-35 की बिक्री पर विचार कर रही है। उन्होंने तुर्की को कई अन्य देशों की तुलना में अधिक वफादार सहयोगी बताया और कहा कि F-35 दुनिया के सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमानों में से एक है।

प्रतिबंध हटाने की भी कही बात

ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका रूस से S-400 वायु रक्षा प्रणाली खरीदने के कारण तुर्की पर लगाए गए प्रतिबंधों को जल्द हटाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने मित्र देशों पर प्रतिबंध नहीं लगाना चाहता। तुर्की के मुद्दे पर असहमति के बावजूद नेतन्याहू ने ट्रंप के साथ अपने संबंधों को मजबूत बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति अमेरिका के हितों के अनुसार निर्णय लेते हैं, जबकि वह इज़राइल के हितों को प्राथमिकता देते हैं और अधिकांश मामलों में दोनों देशों के हित समान रहते हैं।

ईरान समझौते पर टिप्पणी से किया परहेज

ईरान के साथ अमेरिका के हालिया युद्धविराम समझौते पर नेतन्याहू ने कोई स्पष्ट टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अभी इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि उन्हें संदेह है कि बातचीत के जरिए ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह रोका जा सकेगा, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति को इस दिशा में प्रयास करने का अवसर दिया जाना चाहिए।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: मुख्यमंत्री योगी ने काल भैरव और काशी विश्वनाथ के किए दर्शन, लोकमंगल की कामना की

Related to this topic: