तालिबान की सेना के ताबड़तोड़ हमलों के बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ लड़ाकू विमानों से हमले शुरू कर दिए हैं।
तालिबान के हमले के बाद पाक का हवाई हमला
टीटीपी ने आठ सैनिकों को मारने का दावा किया
पाक ने कहा- 20 तालिबानी को मार गिराया
इस्लामाबाद/काबुल। तालिबान की सेना के ताबड़तोड़ हमलों के बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ लड़ाकू विमानों से हमले शुरू कर दिए हैं। पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने बुधवार को अफगानिस्तान के स्पिन बोल्डक इलाके में हमला किया। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, ये हवाई हमले चमन सीमा के पार किए गए। वहां कम से कम तीन अफगान चौकियों को निशाना बनाया गया। स्थानीय सूत्रों ने इन हमलों की जानकारी देते हुए कहा है कई लोगों की मौत भी हुई है।
इस बीच, बुधवार सुबह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला करके आठ पाकिस्तानी सैनिकों को मार दिया है। ओरकजई के घिलजो इलाके में महमूदजई चौकी पर हुए हमले में फ्रंटियर कोर के आठ जवान मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार कुछ फ्रंटियर कोर के जवान अभी भी लापता हैं।
पाक ने 20 तालिबानियों को मारने का दावा किया
मंगलवार रात से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर भयंकर झड़प पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ने बयान जारी कर बताया पाक-अफगान सीमा पर किए गए हमले में 15-20 तालिबानी मारे गए हैं। 15 अक्तूबर को तड़के अफगान तालिबान ने बलूचिस्तान के स्पिन बोल्डक इलाके में चार जगहों पर कायराना हमला किया। पाकिस्तानी सेना ने इस हमले को प्रभावी ढंग से नाकाम कर दिया।