प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

एलन मस्क का तंज

चुनाव में दखल देने वाले स्पेस लेजर काम नहीं आए: डेमोक्रेट्स की जीत पर एलन मस्क का तंज, अंतरिक्ष में डेटा सेंटर का प्लान

अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार और डेमोक्रेट्स की जीत पर एलन मस्क ने एक्स पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाना अब ज्यादा आकर्षक लग रहा है।

चुनाव में दखल देने वाले स्पेस लेजर काम नहीं आए डेमोक्रेट्स की जीत पर एलन मस्क का तंज अंतरिक्ष में डेटा सेंटर का प्लान

Space X CEO Elon Musk (File Photo) |

वाशिंगटन डीसी (अमेरिका)। अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिकी राजनीति का समीकरण बदल दिया है। शुरुआती रुझानों और अनुमानों के मुताबिक, डेमोक्रेटिक पार्टी सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स दोनों पर नियंत्रण हासिल करती दिख रही है। रिपब्लिकन उम्मीदवारों की जीत के लिए पानी की तरह पैसा बहाने वाले दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क इस झटके से खासे आहत नजर आए और उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक के बाद एक दो तंज भरे पोस्ट शेयर किए।

25 करोड़ डॉलर का भारी निवेश डूबा

एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क ने इस चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार पर लगभग 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर झोंके थे। इसके बावजूद पार्टी को कई सीटों पर करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। मस्क ने अपने पहले पोस्ट में चुटकी लेते हुए लिखा कि इस समय अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाना काफी आकर्षक लग रहा है। इसके तुरंत बाद अपने दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा कि लगता है चुनाव में दखल देने वाले मेरे स्पेस लेजर इस बार काम नहीं आए। मस्क के इस व्यंग्य ने राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा बटोरी है।

बाइबल के डेविड-गोलियथ जैसी जंग

मस्क के सबसे बड़े राजनीतिक दांवों में से एक टेक्सास सीनेट का मुकाबला था, जहां रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को डेमोक्रेट जेम्स तालारिको के हाथों करारी शिकस्त मिली। यह नतीजा पारंपरिक रिपब्लिकन गढ़ में एक बड़े उलटफेर के तौर पर देखा जा रहा है। अपनी इस ऐतिहासिक जीत के बाद जेम्स तालारिको ने अपने भाषण में एलन मस्क का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने अपने चुनाव अभियान की तुलना बाइबल की उस मशहूर कहानी से की जिसमें छोटे कद के डेविड ने विशालकाय योद्धा गोलियथ को मात दी थी।

एआई और टेक सेक्टर पर मंडराए बादल

डेमोक्रेट्स की इस बड़ी जीत से केवल राजनीतिक संतुलन ही नहीं बदला है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी सेक्टर के भविष्य पर भी अनश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि डेमोक्रेटिक पार्टी की संसद में मजबूत स्थिति से एआई और डेटा सेंटर उद्योग से जुड़ी भविष्य की नीतियों पर कड़ा असर पड़ सकता है। इसी आशंका के चलते अमेरिकी शेयर बाजारों में स्टॉक फ्यूचर्स में भी रातोंरात गिरावट दर्ज की गई। मस्क का अंतरिक्ष में डेटा सेंटर ले जाने वाला बयान इस बात का संकेत है कि वे बदलती नीतियों के बीच अपने बिजनेस हितों को सुरक्षित रखने के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
(इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: एलन मस्क ने अमेरिकी चुनाव में खर्च किए $442 मिलियन, रिपब्लिकन उम्मीदवारों को बड़ा सहारा

Related to this topic: