शी जिनफिंग ने उम्मीद जताई कि इस साल ट्रंप से दो और मुलाकात हो सकती है। उन्होंने ट्रंप और मेलानिया को चीन आने का निमंत्रण भी दिया।
वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिका के राजकीय दौरे के समापन से पहले चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस साल उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार और मुलाकात होगी। वाशिंगटन में 25 सितंबर को यह बयान सामने आया। शी ने ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया को नवंबर में चीन के शेनझेन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में आने का निमंत्रण दिया।
नवंबर में चीन आने का निमंत्रण
शी ने कहा कि इसके एक महीने बाद फ्लोरिडा में ‘ट्रंप नेशनल डोरल मियामी गोल्फ क्लब’ में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की फिर से मुलाकात हो सकती है। शी ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति और प्रथम महिला को चीन आने के लिए आमंत्रित करता हूं।’’ इस पर ट्रंप ने कहा, ‘‘हम आएंगे और हम काफी बातचीत करेंगे।’’
राष्ट्रीय अभिलेखागार जाएंगे शी चिनफिंग
चीनी राष्ट्रपति के दौरे के समापन से पहले ट्रंप उन्हें राष्ट्रीय अभिलेखागार भी ले जाएंगे। ट्रंप दुनिया के सबसे शक्तिशाली साम्यवादी देश के नेता को अमेरिकी लोकतंत्र के महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज दिखाएंगे। शी के राष्ट्रीय अभिलेखागार का दौरा करने के बाद वाशिंगटन से रवाना होने की संभावना है।
स्वतंत्रता की घोषणा और संविधान जैसे दस्तावेज
अमेरिका के राष्ट्रीय अभिलेखागार में स्वतंत्रता की घोषणा, संविधान और अधिकार विधेयक जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं। शी की यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब अमेरिका अपनी स्थापना की 250वीं वर्षगांठ मना रहा है। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह शी को ‘‘उस गौरवशाली इतिहास के कुछ सबसे महत्वपूर्ण खजाने’’ दिखाना चाहते हैं।
ट्रंप दंपति ने आयोजित किया रात्रिभोज
ट्रंप दंपति ने बृहस्पतिवार रात प्रौद्योगिकी उद्योग के दिग्गजों की मौजूदगी में अपने मेहमानों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने बृहस्पतिवार को बंद कमरे में 90 मिनट तक बैठक भी की। बैठक के बाद चीन सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व, यूक्रेन और कोरियाई प्रायद्वीप जैसे मुद्दों पर चर्चा की। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने इस चर्चा के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में गणेश पंडाल के अंदर बिजली का तार गिरने से चार की मौत, तीन झुलसे