प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जेफ्री एपस्टीन विवाद पर सियासत तेज

एपस्टीन फाइलों को लेकर मोदी सरकार पर विपक्ष का हमला, पुरी के इस्तीफे और ट्रेड डील पर घेरा

जेफ्री एपस्टीन फाइलों में कथित तस्वीरों को लेकर कांग्रेस और शिवसेना (UBT) ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। विपक्ष ने पीएम मोदी की चुप्पी और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सवाल उठाए।

एपस्टीन फाइलों को लेकर मोदी सरकार पर विपक्ष का हमला पुरी के इस्तीफे और ट्रेड डील पर घेरा

Congress General Secretary (Organisation) KC Venugopal (File photo) |

नई दिल्ली। अमेरिकी न्याय विभाग की फाइलों से सामने आईं कथित तस्वीरों के बाद कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के संबंधों को लेकर देश में नया सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस और शिवसेना (UBT) ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

वेणुगोपाल का पीएम पर सीधा हमला

कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सब कुछ जानते हुए भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। वेणुगोपाल ने लिखा, "यह बेहद घिनौना खुलासा है। इससे साफ होता है कि हरदीप सिंह पुरी एपस्टीन से उसी जगह मिले, जहां वह अपने जघन्य अपराधों को अंजाम देता था।"

वेणुगोपाल ने आगे पूछा कि अपने ही कैबिनेट मंत्री पर लगे इतने संगीन आरोपों के बावजूद 'मोदी-शाह' की जोड़ी की यह आपराधिक खामोशी क्या दर्शाती है? उन्होंने कहा कि जो सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर के यौन अपराधी से जुड़े व्यक्ति को संरक्षण देती हो, उससे देश की महिलाएं सुरक्षा की क्या उम्मीद रख सकती हैं?

अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर उठाए सवाल

भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम मोदी को इस पर तुरंत अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देश ट्रेड डील के बेहद करीब हैं। ऐसे में यह आशंका बढ़ जाती है कि कहीं 'कंप्रोमाइज्ड' प्रधानमंत्री खुद को और अपने करीबियों को बचाने के लिए भारत के राष्ट्रीय हितों का सौदा न कर बैठें।

संजय राउत ने कहा- यह तो सिर्फ शुरुआत है

दूसरी ओर, शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया पर आई तस्वीर का हवाला देते हुए पूछा कि हरदीप सिंह पुरी आखिर किसका संदेश लेकर एपस्टीन से अकेले मिलने गए थे? क्या वह संदेश प्रधानमंत्री का था?

पत्रकारों से बातचीत में राउत ने कहा, "एपस्टीन फाइलों के सार्वजनिक होने से सच सामने आ गया है। पुरी ने पहले दावा किया था कि वे कभी एपस्टीन से अकेले में नहीं मिले। लेकिन अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों में दोनों की पार्टी करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं। यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में ऐसे कई और राज बेनकाब होंगे।"

श्रीनिवास बीवी और यूएस विदेश मंत्री का दौरा

युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भी इस क्रोनोलॉजी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस समय अमेरिकी विदेश मंत्री मुंबई पहुंचे, ठीक उसी समय अमेरिकी न्याय विभाग से ये तस्वीरें बाहर आईं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अब भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की शर्तें तय करने के लिए कोई वीडियो भी सामने आने वाला है?

हरदीप पुरी का पुराना स्पष्टीकरण

बता दें कि इस साल फरवरी में भी जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइलों का मुद्दा उठाया था, तब हरदीप सिंह पुरी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी का एपस्टीन फाइलों से कोई लेना-देना नहीं है।

पुरी ने स्पष्ट किया था कि वर्ष 2009 से 2017 के बीच वह संयुक्त राष्ट्र से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय संगठन (IPI) के प्रतिनिधि के तौर पर 9 वर्षों में कुल 4 बार एपस्टीन से मिले थे। उनका एपस्टीन के निजी या गैर-कानूनी कृत्यों से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं रहा है।
​(इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मणिपुर हिंसा पर खड़गे का केंद्र पर बड़ा हमला, पूछा- विफलता की जिम्मेदारी कौन लेगा?

Related to this topic: