प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

राज्यसभा उपचुनाव 2026

एमपी से राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने हरदीप सिंह पुरी को बनाया उम्मीदवार

बीजेपी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को प्रत्याशी घोषित किया है। एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट पर 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

एमपी से राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने हरदीप सिंह पुरी को बनाया उम्मीदवार

Hardeep Singh Puri |

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर अंतिम मुहर लगाई।

दीन दयाल उपाध्याय मार्ग से जारी हुआ आधिकारिक पत्र

नई दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित बीजेपी मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस फैसले की जानकारी दी गई। पार्टी के आधिकारिक बयान के मुताबिक, "भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए हरदीप सिंह पुरी के नाम को स्वीकृति दे दी है।"

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राज्य की इस इकलौती राज्यसभा सीट के लिए चुनावी तैयारियां तेज हो चुकी हैं। दरअसल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के पद से इस्तीफा देने के बाद 14 अक्टूबर 2026 को यह सीट खाली घोषित की गई थी। संसद के उच्च सदन में उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था।

निर्वाचन आयोग ने जारी किया चुनावी शेड्यूल

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 22 अक्टूबर को ही इस उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी थी। आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को उपचुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना जारी हो जाएगी।

उम्मीदवार 2 नवंबर 2026 तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि प्रत्याशी 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

12 नवंबर को होगा मतदान और मतगणना

आयोग के मुताबिक, 12 नवंबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उसी दिन शाम 5:00 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर से पहले संपन्न कर ली जाएगी।

बता दें कि पूर्व वरिष्ठ राजनयिक रहे हरदीप सिंह पुरी मौजूदा केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: भारत के LPG आयात में अमेरिका की 67% हिस्सेदारी, 2030 तक रिफाइनिंग क्षमता 300 MMTPA होगी: हरदीप पुरी

Related to this topic: