वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पलटवार के बाद राहुल गांधी ने नया सवाल उठाया है। उन्होंने अमित शाह के आवास पर बैठक का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा है।
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उन आरोपों पर तीखा पलटवार किया है, जिनमें उन्होंने टाटा समूह के मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। सीतारमण ने दो टूक कहा कि राहुल गांधी को हर व्यावसायिक और कानूनी मामले का राजनीतिकरण करना बंद करना चाहिए। निर्मला सीतारमण के तीखे पलटवार के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 'एक्स' पर नया पोस्ट कर सवाल उठाया है कि आखिर किस "कानूनी और व्यावसायिक मामले" के तहत टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस की बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई थी।
राहुल गांधी के नए सवाल और तंज
निर्मला सीतारमण की सलाह पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में सीधे तौर पर अमित शाह के घर बैठकों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार पर चुनिंदा उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा, "निर्मला सीतारमण जी, कौन सा 'कानूनी और व्यावसायिक मामला' था, जिसके चलते टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस को अमित शाह के आवास पर होस्ट किया गया?"
राहुल ने आगे तंज कसते हुए कहा कि आपके चंद चहेते उद्योगपतियों को छोड़कर देश का बाकी पूरा बिजनेस जगत सरकार की नीतियों से त्रस्त है, इसलिए उन्हें उकसाने की कोई जरूरत नहीं है।
टाटा समूह पर छिड़ा सियासी संग्राम
इससे पहले, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी के उस आरोप पर कड़ी आपत्ति जताई थी जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार व्यवसायों को अपना "खिलौना" समझ रही है। सीतारमण ने स्पष्ट किया था कि राहुल गांधी हर व्यावसायिक और कानूनी मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं और देश के उद्यमियों के बीच अविश्वास फैला रहे हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा, "विपक्ष के नेता के रूप में, मैं आपको सलाह देती हूं कि हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचें। व्यावसायिक और कानूनी मामलों को यूं ही 'आपराधिक' करार देना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।"
'लाइसेंस-कोटा राज' पर कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि दशकों तक देश के उद्यमियों को 'लाइसेंस-कोटा राज' की बेड़ियों में जकड़कर रखा गया था, जिससे करोड़ों भारतीयों को गरीबी का सामना करना पड़ा। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार भारतीय उद्योगों को देश के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन का मुख्य आधार मानती है।
राहुल गांधी का तीखा हमला
इससे पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि टाटा समूह को "आपराधिक तरीके से बर्बाद" किया जा रहा है। उन्होंने उद्योग जगत की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा था कि भारतीय कारोबार मोदी और शाह का खिलौना नहीं है।
यह पूरा सियासी घमासान टाटा समूह के भीतर चल रहे उस अंदरूनी विवाद के बीच शुरू हुआ है, जिसमें टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने एन. चंद्रशेखरन की कार्यकारी अध्यक्ष पद पर पुनर्नियुक्ति को लेकर बोर्ड मीटिंग की प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए हैं।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: टाटा समूह विवाद: राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की नियुक्ति को बताया अवैध