प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

राहुल गांधी ने लॉन्च किया 'सत्याग्रह' पोर्टल

राहुल गांधी का नया राजनीतिक दांव: अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए लॉन्च किया 'सत्याग्रह' पोर्टल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश भर के विरोध प्रदर्शनों को जोड़ने के लिए 'सत्याग्रह' डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। जनता से अन्याय के खिलाफ अपनी कहानियां साझा करने की अपील की है।

राहुल गांधी का नया राजनीतिक दांव अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए लॉन्च किया सत्याग्रह पोर्टल

Rahul Gandhi launches Satyagraha digital platform |

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आम जनता से 'सत्याग्रह' डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी "अन्याय" की कहानियाँ साझा करने की अपील की है। यह एक ऐसा डिजिटल मंच है, जिसे देश भर में चल रहे विभिन्न विरोध प्रदर्शनों को मैप करने, एक साथ जोड़ने और एक ही पहल के तहत व्यापक समर्थन जुटाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वीडियो के जरिए खास अपील

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी ने बताया कि इसके जरिए प्रदर्शनकारी अपने आंदोलनों और संघर्षों का विवरण दर्ज कर सकते हैं। साथ ही, एक इंटरैक्टिव मैप के माध्यम से वे देश भर में चल रहे इसी तरह के अन्य आंदोलनों का पता लगाकर सीधा समर्थन प्राप्त कर सकते हैं। 

महात्मा गांधी के दर्शन और विचारधारा का स्मरण करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता ने 'सत्याग्रह' को एक प्रभावशाली हथियार बताया। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "इससे भी बड़ा हथियार है सच्चाई के साथ एकजुट होकर खड़े होना।"

देशभर में चल रहे आंदोलनों को एक मंच पर लाना

अपने संदेश को विस्तार देते हुए राहुल गांधी ने कहा, "देश भर में लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अक्सर अकेले ही लड़ते हैं। Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं—हर संघर्ष की अपनी एक अलग कहानी है। लेकिन जो आवाज अकेले उठती है, उसे अक्सर दबा दिया जाता है। 'सत्याग्रह' इन सभी आवाजों को एक मैप पर एक साथ लाने की पहल है। बापू ने हमें यही सिखाया था कि सच्चाई सबसे बड़ा हथियार है। लेकिन इससे भी बड़ा हथियार है सच्चाई के साथ एकजुट होकर खड़े होना। यदि आप भी किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं, तो अपनी कहानी साझा करें, इसमें मात्र दो मिनट लगेंगे।"

संसद से लेकर सड़कों तक साथ निभाने का वादा

पोस्ट के साथ संलग्न एक वीडियो में कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि महंगाई, किसानों के ज्वलंत मुद्दों और महिलाओं की सुरक्षा जैसे तमाम विषयों पर देश भर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच इस 'सत्याग्रह' वेबसाइट को आम जनता के लिए शुरू किया गया है।

उन्होंने वीडियो में आगे कहा, "देश के हर कोने में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। कोई छात्रों के हक के लिए बोल रहा है, कोई महिलाओं के लिए आवाज उठा रहा है, तो कोई महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरा है—यानी देश भर में लाखों अलग-अलग तरह के विरोध-प्रदर्श चल रहे हैं। विपक्ष का नेता होने के नाते, मैं चाहता था कि हम इन सभी आंदोलनों की जानकारी को एक ही जगह पर समेकित करें। इसीलिए हमने आपके लिए 'सत्याग्रह' वेबसाइट की शुरुआत की है।"

उन्होंने आगे कहा कि, "आपका विरोध-प्रदर्शन चाहे छोटा हो या बड़ा, आप अपना नाम, अपने समूह का नाम दर्ज करें और बताएं कि यह विरोध किस विषय पर है। यदि हम आपकी सहायता कर सकते हैं, या यदि आप हमसे मदद की अपेक्षा रखते हैं, तो हम पूरी शिद्दत और खुशी के साथ आपका साथ देंगे।"

राहुल गांधी ने आश्वासन दिया, "आपकी कहानी इस मैप पर दिखाई देगी। आप यह भी देख पाएंगे कि आपकी तरह और कौन-कौन संघर्ष कर रहा है। और विपक्ष के नेता के रूप में, संसद के भीतर, सड़कों पर, पत्र लिखकर या जहां भी मेरी आवश्यकता होगी, मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा; यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी है।"
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: लाठी भीड़ को रोक सकती है लेकिन सवाल को नहीं राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर केंद्र को घेरा

Related to this topic: