न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी शतक जड़कर भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है।
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में अपनी तूफानी शतकीय पारी के दम पर भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आईसीसी मेंस टी20 बैटर रैंकिंग में एक बार फिर नंबर-1 का ताज अपने नाम कर लिया है।
वेलिंगटन में ऐतिहासिक प्रदर्शन
मंगलवार को वेलिंगटन में खेले गए निर्णायक मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने महज 35 गेंदों में अपना तूफानी शतक पूरा किया और अंत में 38 गेंदों पर 113 रनों की धुआंधार पारी खेली। भारत ने इस मुकाबले में छह विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया। आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी ताजा रैंकिंग में उनकी इस उपलब्धि पर मुहर लग गई है।
ईशान किशन को पीछे छोड़ा
अभिषेक की इस जोरदार वापसी से उनके साथी खिलाड़ी ईशान किशन को दूसरे स्थान पर खिसकना पड़ा है। ईशान ने इसी साल जुलाई में आयरलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दमपर अभिषेक से नंबर-1 का स्थान छीना था। वहीं, अभिषेक इससे पहले जुलाई 2025 में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज ट्रैविस हेड को पीछे छोड़कर पहली बार इस मुकाम पर पहुंचे थे।
मार्को जानसेन को भी बड़ी कामयाबी
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर मार्को जानसेन ने भी अपने करियर में एक नया मील का पत्थर हासिल किया है। जानसेन अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर टेस्ट गेंदबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग में पहली बार करियर के शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनकर विराट कोहली को छोड़ा पीछे