जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों के पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी मुकाबले में नीरज चौहान ने अपने हमवतन धीरज बोम्मादेवरा को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया है।
आइची-नागोया (जापान)। शनिवार को एशियाई खेलों में हुए पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी मुकाबले में नीरज चौहान ने अपने हमवतन धीरज बोम्मादेवरा को हराकर कांस्य पदक हासिल किया। ईएसपीएन के अनुसार, नीरज ने कड़े मुकाबले में धीरज को 6-4 से हराया। शुरुआती झटके से उबरते हुए उन्होंने अंतिम सेट में 10 अंक बनाकर पदक अपने नाम किया।
नीरज पहला सेट 29-26 से जीता
धीरज ने कांस्य पदक के लिए खेले जा रहे इस मुकाबले की शुरुआत 7 अंक से की, उसके बाद 9 और 10 अंक बनाए। वहीं नीरज ने 10, 9 और 10 अंक बनाकर पहला सेट 29-26 से जीत लिया और 2-0 की बढ़त बना ली। धीरज ने दूसरे सेट में जोरदार वापसी करते हुए 8, 10 और 10 अंक बनाकर 28 का स्कोर किया। नीरज ने 10, 8 और 9 अंक बनाकर 27 का स्कोर किया और भारतीय खिलाड़ी ने मुकाबले को 2-2 से बराबर कर दिया। धीरज ने तीसरे सेट में बढ़त बनाते हुए 10, 9 और 10 अंक बनाए, जबकि नीरज ने भी 10, 9 और 9 अंक ही बनाए। 29-28 से सेट जीतने के साथ धीरज 4-2 से आगे हो गए।
नीरज ने चौथे सेट में जोरदार वापसी की
नीरज ने चौथे सेट में जोरदार वापसी करते हुए तीन 10 अंक बनाकर 30 का स्कोर किया, जबकि धीरज ने 9, 9 और 9 अंक ही बनाए। 30-27 के स्कोर के साथ मैच 4-4 से बराबर हो गया और निर्णायक पांचवें सेट की नींव रखी गई। धीरज ने अंतिम सेट की शुरुआत 8 अंक से की, लेकिन लगातार दो 10 अंक बनाकर 28 का स्कोर किया। नीरज ने 10, 9 और 10 अंक बनाकर 29 अंक हासिल किए और कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। इससे पहले, धीरज सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के ली वूसेओक से 3-7 से हारने के बाद कांस्य पदक के लिए क्वालीफाई कर पाए थे, जबकि नीरज को जापान के जुन्या नाकानिशी ने 1-7 से हराया था।
रिकर्व तीरंदाजों के शानदार अभियान का समापन
भारत के रिकर्व तीरंदाजों के शानदार अभियान का समापन कांस्य पदक के साथ हुआ। इससे पहले, कुमकुम मोहद ने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। 17 वर्षीय कुमकुम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को 5-5 से बराबरी पर रहने के बाद शूट-ऑफ में हराया। ओह के 8 अंक हासिल करने के बाद कुमकुम ने संयम बनाए रखते हुए 10 अंक बनाए और एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।
भारत के कुल पदकों की संख्या 80
कुमकुम ने शुक्रवार को अंकिता भाकट और कीर्ति शर्मा के साथ महिला रिकर्व टीम में स्वर्ण पदक और धीरज के साथ मिश्रित रिकर्व टीम में रजत पदक जीता था। एशियाई खेलों में भारत का तीरंदाजी अभियान रिकर्व और कंपाउंड स्पर्धाओं में नौ पदकों के साथ समाप्त हुआ। नीरज के कांस्य पदक के जुड़ने से, इस लेख को लिखे जाने तक भारत के कुल पदकों की संख्या 80 हो गई है, जिसमें 18 स्वर्ण, 26 रजत और 36 कांस्य पदक शामिल हैं।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ेंः जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन पर बड़ी कार्रवाई: तीन एफआईआर दर्ज