फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में नॉर्वे से 2-1 की हार के बाद ब्राज़ील के दिग्गज खिलाड़ी नेमार जूनियर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की।
Neymar Retires from International Football After Brazil's FIFA World Cup 2026 Exit |
न्यूयॉर्क,(अमेरिका)। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में नॉर्वे के खिलाफ 2-1 की हार के बाद ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। मेटलाइफ स्टेडियम में मिली इस हार के साथ ब्राजील का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया।
नेमार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का किया समापन
34 वर्षीय नेमार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन ब्राजील के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में किया। मैच के बाद उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "मैंने पूरी कोशिश की। अब मेरा सफर यहीं समाप्त होता है। मैंने यहीं से शुरुआत की थी और यहीं इसे खत्म कर रहा हूं।"
एरिंग हालैंड ने अंतिम चरण में किए दो गोल
मैच में नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एरिंग हालैंड ने अंतिम चरण में दो गोल कर ब्राजील की वापसी की सभी उम्मीदों पर विराम लगा दिया। अतिरिक्त समय में मिले पेनल्टी पर नेमार ने गोल जरूर किया, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके। यह टूर्नामेंट में उनका पहला गोल था।
ब्राजील के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल
नेमार ने अपने करियर में ब्राजील के लिए 130 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 80 गोल और 59 असिस्ट दर्ज किए। उनके नाम पहले से ही ब्राजील के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने का रिकॉर्ड है।
उनकी फिटनेस को लेकर लगातार उठे सवाल
ब्राजील के साथ अपने लंबे करियर में नेमार ने 2013 फीफा कन्फेडरेशन कप का खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई, जबकि रियो 2016 ओलंपिक में टीम को स्वर्ण पदक भी दिलाया। विश्व कप से पहले उनकी फिटनेस को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे और अंतिम टीम में उनका चयन भी अनिश्चित माना जा रहा था। हालांकि, मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें 26 सदस्यीय टीम में शामिल किया। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः वैभव सूर्यवंशी बोले- 'सभी संदेशों से अभिभूत हूं', भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने पर जताया आभार