प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

औरंगाबाद में मिठाई खाने से 6 लोग बीमार

औरंगाबाद में मिठाई खाने से 6 लोग बीमार, खाद्य विभाग पर लापरवाही का आरोप

औरंगाबाद के पौथु थाना क्षेत्र में होटल की गाजा मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के छह लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

औरंगाबाद में मिठाई खाने से 6 लोग बीमार खाद्य विभाग पर लापरवाही का आरोप

औरंगाबाद में मिठाई खाने से 6 लोग बीमार |

औरंगाबाद: जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ का मामला सामने आया है। होटल की मिठाई (गाजा) खाने से एक ही परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल एवं निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। बीमार लोगों की पहचान पौथु थाना क्षेत्र के झिंगुरी गांव निवासी इंद्रजीत कुमार की पत्नी शीला देवी, उनके बच्चे ऋत्विक कुमार एवं श्वेता कुमारी और उनके भाई यशवंत कुमार की पत्नी अंजू देवी और बच्चे सूर्यांश राज एवं युवराज के रूप में की गई है। सभी बच्चों की उम्र तीन से छह वर्ष के बीच बताई जा रही है।

गंभीर हालत देखते हुए सदर अस्पताल किया गया रेफर

परिजन अमरेश कुमार ने बताया कि दोनों गोतनी शुक्रवार को पचरुखिया बाजार गई थीं। इसी दौरान भूख लगने पर गोह-पचरुखिया रोड स्थित एक ग्रामीण होटल से गाजा मिठाई खरीदी और खाते-खाते ऑटो से घर आ गईं। घर आकर उन्होंने वह मिठाई अपने चारों बच्चों को भी खिला दी। रात करीब 11 बजे से सभी 6 लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद अंजू देवी को दाउदनगर के भखरुआ मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि शीला देवी को सदर अस्पताल, औरंगाबाद लाया गया। शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे शीला देवी की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल से भी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

खाद्य विभाग पर लापरवाही का आरोप

अमरेश ने आरोप लगाया कि यह सब खाद्य विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है। सरकार ने फूड इंस्पेक्टर की व्यवस्था तो दी है, लेकिन बाजार में जांच नहीं हो रही है। अगर समय पर होटलों और वहां बेचे जाने वाली खाद्य पदार्थों की जांच होती तो यह नौबत नहीं आती। परिजनों ने औरंगाबाद के फूड इंस्पेक्टर और जिला प्रशासन से मांग की है कि जिस होटल से मिठाई खरीदी गई है, वहां छापेमारी कर सभी खाद्य सामग्रियों की जांच की जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। 

ये भी पढ़ें- बाराबंकी में लेखपालों का धरना-प्रदर्शन, मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
 

Related to this topic: