मेरठ (उत्तर प्रदेश)। जिले के थाना बहसूमा क्षेत्र के रामराज कस्बे में 7 वर्षीय बालक के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कार सवार युवकों ने बच्चे का अपहरण कर लिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बच्चे की पहचान का था अपहरणकर्ता
जानकारी के अनुसार, अपहृत बच्चे की पहचान अंगद के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि अंगद खेलते हुए गली के बाहर जा रहा था। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। कार के अंदर मौजूद किसी व्यक्ति ने बच्चे को आवाज दी, जिसके बाद अंगद बिना किसी हिचकिचाहट के कार के पास पहुंचा और उसमें बैठ गया। इसके बाद कार सवार युवक बच्चे को लेकर फरार हो गए। फुटेज से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार में मौजूद कोई व्यक्ति बच्चे की पहचान का था, क्योंकि अंगद उसके बुलाने पर सहज रूप से वाहन में बैठता दिखाई दे रहा है।
मीरापुर निवासी अर्पित शर्मा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज
घटना के बाद परिजनों ने मीरापुर निवासी अर्पित शर्मा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले भी उनके घर आता-जाता रहा है और परिवार से परिचित था।
पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बच्चे की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि पांच पुलिस टीमें अंगद की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था, चेकिंग अभियान और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े बच्चे के अपहरण की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि परिजन बच्चे की सकुशल वापसी की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ: कांग्रेस ने योगी सरकार पर ब्राह्मण समाज के उत्पीड़न का लगाया आरोप