बीते 21 जून को हुए सनसनीखेज गौरव राठौर फायरिंग कांड मामले में ताजगंज पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
Agra Gaurav Rathore Firing Case: SP Ex-Councillor Sunil Rathore Among 3 Arrested |
आगरा (उत्तर प्रदेश)। बीते 21 जून को हुए सनसनीखेज गौरव राठौर फायरिंग कांड मामले में ताजगंज पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस और बदमाशों के बीच झलकारी बाई चौराहे के पास हुई मुठभेड़ में सिकंदरा के शातिर हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व पार्षद सुनील राठौर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि महज डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिलवाया गया था, जिसके पीछे ज़मीन का विवाद मुख्य वजह थी।
जमीनी विवाद में रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गौरव राठौर की बहन के साथ चल रहे ज़मीन के विवाद को लेकर यह पूरी साज़िश रची गई थी। इस हमले का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि सपा के पूर्व पार्षद सुनील राठौर ही हैं। पुलिस के मुताबिक यह पूरा हमला रणजीत, जिमी और सुनील ने मिलकर प्लान किया था। जानकारी के मुताबिक इसके लिए 1.5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। सुनील ने पहले 30 हजार रुपये एडवांस दिए थे जबकि बाकी रकम काम पूरा हो जाने के बाद देने की डील हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल किया है कि जमीन विवाद की वजह से गौरव राठौर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी।

जेल से छूटने के महज 4 दिन बाद ही शूटर ने कर दिया कांड
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात शूटर जिमी चौधरी को लेकर सामने आई है। जिमी चौधरी सिकंदरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर हत्या के प्रयास समेत करीब 20 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में भी आरोपी रह चुका है। हैरान करने वाली बात यह है कि जेल से छूटने के महज चार दिन बाद ही जिमी चौधरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की प्लानिंग कर डाली और पुरानी मंडी में 21 जून को गौरव राठौर को गोली मारकर घायल कर दिया।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी, हथियार बरामद
जब ताजगंज पुलिस ने मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर झलकारी बाई चौराहे के पास पहुंचकर वाहनों की चेकिंग शुरू की तो बदमाशों ने पहले भागने का प्रयास किया। हालांकि वे अनियंत्रित होकर गिर गए और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई और पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से जिमी चौधरी, सपा के पूर्व पार्षद सुनील राठौर और दिनेश शर्मा को दबोच लिया। पुलिस ने घायल जिमी चौधरी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर लिया है। ताजगंज पुलिस फिलहाल इस मामले की गहन विवेचना में जुटी है और साज़िश में शामिल अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: राबड़ी देवी को 29 जून तक सरकारी बंगला खाली करने का अंतिम नोटिस, नहीं मानने पर होगी कानूनी कार्रवाई