प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

अखिलेश यादव का भाजपा पर निशाना, कहा- महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए फैलाया जा रहा है सांप्रदायिक माहौल

महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर उत्तर प्रदेश सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता का ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर रही है।

अखिलेश यादव का भाजपा पर निशाना कहा- महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए फैलाया जा रहा है सांप्रदायिक माहौल

Samajwadi Party (SP) chief Akhilesh Yadav (File Photo) |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बढ़ती महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए देश में सांप्रदायिक माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि सत्तारूढ़ दल महिलाओं, पिछड़े वर्गों, दलितों और आदिवासियों को आरक्षण देने के खिलाफ है। मुजफ्फरनगर दंगों की 11वीं बरसी मनाने और कुछ स्थानों पर हिंसा से जुड़े पोस्टर लगाए जाने के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के जरिए चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश में सांप्रदायिक माहौल बनाना चाहती है।

महंगाई पर सरकार को घेरा, बढ़ती कीमतों पर सवाल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "महंगाई उनके (भाजपा) लिए कोई मुद्दा नहीं है और न ही कोई अन्य मुद्दा। देखिए महंगाई किस तरह बढ़ रही है। ऐसी कौन सी चीज है जो महंगी नहीं हुई है? वे न तो यह स्वीकार कर रहे हैं कि महंगाई है और न ही इस समस्या का समाधान कर रहे हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 'अपने लोगों' को मुनाफा कमाने और भ्रष्टाचार करने की अनुमति दे रही है, जिसकी वजह से महंगाई बढ़ रही है।

जीडीपी के दावों पर अखिलेश ने उठाए सवाल

अखिलेश ने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए झांसी की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें एक गरीब व्यक्ति अपनी पत्नी का शव अस्पताल से घर ले जाने और अंतिम संस्कार करने में कथित तौर पर सक्षम नहीं था तथा उसे शव नदी में फेंकना पड़ा। सपा प्रमुख ने सवाल किया, "जैसा कि हाल में एक अर्थशास्त्री ने सही कहा था, जीडीपी शून्य है क्योंकि जैसा कि दावा किया जा रहा है, अगर दावे के अनुसार जीडीपी 7.2, 7.8 या 7.9 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है तो फिर एक गरीब व्यक्ति अपनी पत्नी को घर क्यों नहीं ले जा पाया या उसका अंतिम संस्कार क्यों नहीं कर पाया?"

लखनऊ की हवा पर तंज, पर्यावरण सुधार का वादा

लखनऊ को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान मिलने पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि बारिश रुकने और मौसम सामान्य होने के बाद वायु गुणवत्ता की फिर से जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा के सत्ता में लौटने पर वायु और जल गुणवत्ता तथा पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतर काम किया जाएगा। उन्होंने वाराणसी को 'क्योटो' और गोरखपुर को 'स्पेन' कहकर शहरों में जलभराव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

बाढ़ और एक्सप्रेसवे को लेकर सरकार पर हमला

अखिलेश ने कहा कि जो लोग अपने शहरों से बारिश का पानी नहीं निकाल पा रहे हैं, वे दूसरे स्थानों पर बाढ़ की समस्या का समाधान नहीं कर सकते। सपा प्रमुख अक्सर व्यंग्य के तौर पर वाराणसी को क्योटो और गोरखपुर को स्पेन कहते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के दौरान बनाए गए राजमार्गों और एक्सप्रेसवे में अनियमितताओं का आरोप लगाया और सत्तारूढ़ दल पर राम मंदिर चढ़ावा चोरी में शामिल होने का आरोप लगाया।

आकाश आनंद पर बोले अखिलेश, सपा में स्वागत है

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती द्वारा अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से निकालने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि यह उनकी पार्टी का आंतरिक फैसला है। उन्होंने कहा, "यह उनकी पार्टी का फैसला है। दूसरी पार्टियों के लोग इस पर कुछ नहीं कह सकते।" जब उनसे पूछा गया कि अगर आकाश आनंद सपा में शामिल होना चाहें तो क्या उन्हें पार्टी में शामिल किया जाएगा, तो अखिलेश ने कहा, "आप उन्हें लेकर आइए, हम उन्हें पार्टी में शामिल कर लेंगे।"

AI वीडियो को लेकर भाजपा पर अखिलेश का तंज

सोशल मीडिया पर भाजपा द्वारा अन्य दलों के नेताओं के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से बनाए गए वीडियो पोस्ट किए जाने के सवाल पर अखिलेश ने संवाददाताओं से कहा, "भाजपा किसी की सगी नहीं है।" अखिलेश यादव ने यह भी घोषणा की कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा अपने राज्यव्यापी घोषणापत्र के साथ-साथ हर जिले के लिए अलग-अलग घोषणापत्र तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य पर ध्यान केंद्रित करने की वजह से अक्सर स्थानीय मुद्दे नजरअंदाज हो जाते हैं।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का यूपी सरकार पर हमला, बुलंदशहर रैली की अनुमति न मिलने पर उठाए सवाल

Related to this topic: