सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि जनता भाजपा सरकार से नाराज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अपील की।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुट होकर काम करने की अपील की। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों और अयोध्या राम मंदिर चंदे से जुड़े मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा।
सपा प्रत्याशियों के समर्थन और साइकिल निशान पर वोट की अपील
अखिलेश यादव आज बड़ी संख्या में विभिन्न जनपदों से आए पार्टी के नेताओं को पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सबको साइकिल निशान पर वोट देने का संकल्प लेना है। जिस प्रत्याशी को पार्टी सिंबल दे उसका पूरा समर्थन और सहयोग करना है। जब पार्टी प्रत्याशी को एकजुट सहयोग समर्थन मिलेगा तभी समाजवादी सरकार बनेगी।
कार्यकर्ताओं को संयमित आचरण और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह
यादव ने कहा कि मीडिया और मोबाइल सोशल मीडिया पर अच्छी बातें आएंगी तो गुमराह करने वाली बातें भी आएंगी। हमें किसी से लड़ाई, झगड़ा नहीं करना है। कोई गलत बात न करें और न गलत बात लिखें। जाति-धर्म को लेकर टिप्पणी न करें। अपने आचरण और वाणी पर संयम रखें।
राम मंदिर चंदे और विकास कार्यों को लेकर भाजपा पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा RSS ने अयोध्या के राम मंदिर से चंदा-चढ़ावा को ही चोरी कर लिया। भाजपा ने जो सड़कें बनाई वे बनते ही धंसने-टूटने लगी हैं। घटिया डामर का इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास से कोई वास्ता नहीं है।
यह भी पढ़ेंः अखिलेश यादव का सीएम योगी पर हमला, बोले- प्रचार से नहीं सुलझते जनता के मुद्दे