मुरैना में दिल्ली से लौट रहे 17 वर्षीय नाबालिग के साथ चलती बस में कथित यौन अपराध और करीब 60 हजार रुपये चोरी का मामला सामने आया है।
मुरैना: दिल्ली से अपने गांव लौट रहे 17 वर्षीय नाबालिग किशोर के साथ चलती वीडियो कोच बस में कंडक्टर द्वारा कथित रूप से कुकर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग किशोर वीडियो कोच बस नंबर UP 80 FT 8284 से दिल्ली से पोरसा तहसील क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट रहा था।
बस क्लीनजर पर लगा आरोप
आरोप है कि रात में किशोर के सोने के बाद बस क्लीनजर ने उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया। बुधवार सुबह होश में आने के बाद किशोर ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। किशोर ने क्लीनजर पर आरोप लगाया कि घटना के बाद उसके बेसुध होने का फायदा उठाकर उसके बैग से करीब 60 हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए।
नाबालिग के आरोपों की हो रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और बस को घेर लिया। परिजनों द्वारा क्लीनजर के साथ धक्का-मुक्की किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद बस को थाने ले जाया गया। पुलिस ने बस को खाली करवाकर उसे थाने में खड़ा करा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नाबालिग के आरोपों की जांच के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और कथित चोरी की भी पड़ताल की जा रही है। नाबालिग की पहचान गोपनीय रखी गई है। उसकी पहचान से जुड़ी कोई व्यक्तिगत जानकारी प्रकाशित नहीं की जा रही है।
ये भी पढ़ें- भगवान परशुराम की प्रतिमा खंडित होने से ब्राह्मण समाज में आक्रोश, मौके पर पहुंची पुलिस