आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और उससे जुड़े लोगों पर वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
लखनऊ: अयोध्या में राम मंदिर को लेकर सियासत फिर गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और उससे जुड़े लोगों पर वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मंदिर के आसपास की जमीनों की खरीद-फरोख्त में बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत चुकाई गई, जो सवालों के घेरे में है।
आप नेता ने वित्तीय गड़बड़ी के लगाए आरोप
16 नवंबर 2023 को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या के शहनवाजपुर क्षेत्र में 117 बिस्वा जमीन 55.47 करोड़ रुपये में खरीदी, जबकि इसकी वास्तविक कीमत करीब 9 करोड़ रुपये है। संजय सिंह ने इस खरीद के दस्तावेजों को अपने पास होने का दावा किया है।
जमीन खरीद के भुगतान में भारी अंतर
उन्होंने किसानों को दिए गए मुआवजे और ट्रस्ट की ओर से खरीदी गई जमीन के भुगतान में भारी अंतर को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अधिगृहीत जमीन के लिए किसानों को करीब 4.40 लाख रुपये प्रति बिस्वा दिया, जबकि ट्रस्ट ने दूसरी जमीन के लिए करीब 47 लाख रुपए प्रति बिस्वा की दर से भुगतान किया। संजय सिंह ने लूट का सवाल बताते हुए इसकी जांच की मांग की है।
SIT को उपलब्ध कराएंगे जरूरी दस्तावेज
राज्य सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल की निष्पक्षता पर भी संजय सिंह ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वे SIT अधिकारियों से मिलकर सभी जरूरी दस्तावेज सौंपेंगे और मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच
संजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में ट्रस्ट की जांच की भी मांग की। साथ ही सरकार की ओर से नामित सदस्यों की भूमिका की भी समीक्षा की मांग की।
चंदा चोरी और भ्रष्टाचार के आरोप
संजय सिंह ने कहा कि अगर सही से जांच हुई, तो सारे भ्रष्टाचार और लूट के खेल सामने आएंगे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर भी सवाल उठाए और मामले की जांच की मांग की।